Jackfruit Seeds Benefits: भारतीय रसोई में कटहल की सब्जी, अचार और पकोड़े बड़े चाव से खाए जाते हैं. कई जगहों पर पका हुआ मीठा कटहल फल के रूप में भी पसंद किया जाता है. लेकिन, इस पूरे इस्तेमाल के दौरान एक चीज जो सबसे ज्यादा नजरअंदाज होती है, वो हैं इसके बीज. ज्यादातर लोग इन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं, जबकि हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक ये बीज पोषक तत्वों का खजाना हैं.
खंडवा डॉ. मनीष खेडेकर कहते हैं कि कटहल के बीज प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट का बेहतरीन स्रोत होते हैं. इनमें थियामिन, राइबोफ्लेविन, फाइबर, जिंक और आयरन जैसे जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये शरीर की पाचन क्रिया को बेहतर बनाते हैं, हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करते हैं और बालों की ग्रोथ के लिए भी फायदेमंद हैं. एशिया के कई देशों में तो इन बीजों से खास डिशेज भी तैयार की जाती हैं. अगर आप भी अब तक कटहल के बीज फेंकते आए हैं, तो अब इन्हें अपनी डाइट में शामिल करने का सही तरीका जान लीजिए.
ऐसे करें कटहल के बीज का इस्तेमाल
सबसे आसान तरीका है, इन्हें उबालकर खाना. बीजों को अच्छी तरह धोकर प्रेशर कुकर में थोड़ा नमक डालकर 2-3 सीटी तक उबाल लें. इसके बाद इनका छिलका आसानी से निकल जाएगा. उबले हुए बीजों पर चाट मसाला और नींबू डालकर खाया जाए तो यह एक हेल्दी और टेस्टी स्नैक बन जाता है.
भूनकर भी खा सकते हैं…
सूखे बीजों को आप भूनकर भी खा सकते हैं. धीमी आंच पर तवे या कढ़ाई में नमक या बालू के साथ भूनने के बाद इसका छिलका निकाल लें. इसका स्वाद भुने काजू या अखरोट जैसा लगता है, जो इसे और भी खास बनाता है.
सब्जी बना सकते हैं…
इसके अलावा, कटहल के बीजों को सब्जियों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इन्हें छीलकर टुकड़ों में काट लें और आलू की सब्जी, मिक्स वेज या दाल में डालकर पकाएं. इससे खाने का स्वाद तो बढ़ेगा ही, साथ ही उसकी न्यूट्रिशन वैल्यू भी बढ़ जाएगी.
सब्जी को ग्रेवी को गाढ़ा करे
सब्जी की ग्रेवी को गाढ़ा और रिच बनाने के लिए भी ये बीज काम आते हैं. उबले हुए बीजों को पीसकर पेस्ट तैयार करें और इसे पनीर या कोफ्ते की ग्रेवी में मिलाएं. इससे ग्रेवी का टेक्सचर काफी स्मूद और स्वादिष्ट हो जाता है.
त्वचा के लिए फायदेमंद
इतना ही नहीं, कटहल के बीज स्किन के लिए भी फायदेमंद हैं. सूखे बीजों को दूध के साथ पीसकर चेहरे पर लगाने से झुर्रियां कम होती हैं, दाग-धब्बे हल्के होते हैं और त्वचा पर प्राकृतिक निखार आता है.
एक्सपर्ट्स का कहना है कि थोड़ी सी जानकारी और सही इस्तेमाल से हम जिन चीजों को कचरा समझकर फेंक देते हैं, वही हमारे लिए सेहत का खजाना साबित हो सकते हैं. कटहल के बीज भी उन्हीं में से एक हैं…

