शाजापुर नगर में मोहर्रम का मातमी पर्व पूरे अदब और एहतराम के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के दौरान शहर में अमन-चैन और कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हुड़दंगियों से निपटने और चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए पूरे जुलूस मार्ग को सीसीटीवी कैमरों के पहरे में रखा गया है। इसके साथ ही पुलिस ने जुलूस में कुछ खास चीजों को ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। इन चीजों को जुलूस में शामिल करने पर सख्त मनाही सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने मोहर्रम के जुलूस को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जुलूस में बैलन, प्रेशर कुकर और मच्छर मारने वाला ‘हिट’ (स्प्रे) जैसी चीजें लेकर चलने वालों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे इन्हें शामिल न करें। इसके अलावा, जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। एएसपी ने साफ कहा है कि यदि कोई नियमों का उल्लंघन कर डीजे बजाता हुआ मिला, तो उसे तुरंत जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 400 कैमरों से होगी निगरानी, निकाला फ्लैग मार्च नगर में 10 दिनों तक चलने वाले इस पर्व के बाद पारंपरिक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पूरे मार्ग पर कुल 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से 300 कैमरे जनसहयोग और पुलिस और 100 कैमरे नगर पालिका ने स्थापित किए। शांति का संदेश देने के लिए शनिवार को पुलिस बल ने किला गेट से फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च छोटा चौक, बड़ा चौक, सोमवारिया, बिलाल मस्जिद गली, लालूपुरा, कुम्हारवाड़ा, मगरिया, नाग-नागिनी रोड, पोस्ट ऑफिस चौराहा, नूर मंडी, कमरदीपुरा, चौकदारवाड़ी, गाडरीपुरा, दायरा, लकड़शाह, मीरकला और पिंजारवाड़ी जैसे संवेदनशील व प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस किला गेट पर समाप्त हुआ। मोहल्लों में बैठकें और अफवाहों से बचने की अपील अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) घनश्याम मालवीय ने बताया कि पुलिस टीम ने विभिन्न मोहल्लों में स्थानीय कमेटियों के साथ बैठकें की हैं। एएसपी ने लोगों से अपील की है कि त्योहार को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। एएसपी ने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस के पास पर्याप्त बल और आधुनिक संसाधन मौजूद हैं, जिससे त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति पैदा नहीं होने दी जाएगी।
Source link
मोहर्रम जुलूस में प्रेशर कूकर, डीजे पर बैन: शाजापुर में 400 कैमरे लगे, पुलिस ने शांति की हिदायत दी; पैदल मार्च किया – shajapur (MP) News
RELATED ARTICLES

