Vegetable Manchow Soup Recipe: बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम और स्वादिष्ट खाना खाने का मन करने लगता है. अगर आप कोई ऐसी डिश ढूंढ रहे हैं जो हल्की हो और जिसे जल्दी और आसानी से बनाया जा सके, तो वेज मंचो सूप एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. ताज़ी सब्ज़ियों, हल्के मसालों और बेहतरीन स्वाद से भरपूर यह सूप हर उम्र के लोगों को पसंद आता है. आइए जानते हैं कि इसे घर पर आसानी से कैसे बनाया जाए…
जरूरी सामग्री
1 कप बारीक कटी हुई पत्तागोभी, ½ कप बारीक कटी हुई गाजर, ½ कप बारीक कटी हुई शिमला मिर्च, 2–3 बारीक कटी हुई हरी मिर्च, 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हुआ लहसुन, 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक, 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर, 4 कप वेजिटेबल स्टॉक या पानी, 1 छोटा चम्मच सोया सॉस, 1 छोटा चम्मच रेड चिली सॉस, स्वादानुसार नमक और काली मिर्च, 1 बड़ा चम्मच तेल, स्प्रिंग अनियन और कद्दूकस की हुई गाजर.
आसानी से बनाने का तरीका
1: वेज मंचाउ सूप बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में तेल गरम करें. इसमें लहसुन और अदरक डालें और हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
2: अब गाजर, बीन्स, पत्तागोभी और शिमला मिर्च डालें. तेज़ आंच पर 3-4 मिनट तक स्टिर-फ्राई करें, ध्यान रहे कि सब्ज़ियों का क्रंच बना रहे.
3: वेजिटेबल स्टॉक या पानी डालें और मिश्रण को 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें.
4: एक छोटी कटोरी में कॉर्नफ्लोर को थोड़े से पानी के साथ मिलाकर घोल बना लें. इसे धीरे-धीरे सूप में डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न बनें.
5: सोया सॉस, नमक, काली मिर्च और रेड चिली सॉस डालें और 2-3 मिनट तक और पकाएं. जब सूप थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो आंच बंद कर दें.
6: गरमा-गरम सूप को कटोरे में निकालें और परोसने से पहले स्प्रिंग अनियन और क्रिस्पी फ्राइड नूडल्स से सजाएं.
यह सूप खास क्यों है?
वेज मंचो सूप में कई तरह की सब्ज़ियां होती हैं जो फाइबर, विटामिन और मिनरल का बेहतरीन स्रोत हैं. बारिश के मौसम में यह शरीर को गर्माहट देता है और एक हल्का और स्वादिष्ट विकल्प है. अगर आप नमक या सोडियम का सेवन कम करना चाहते हैं, तो बस सोया सॉस की मात्रा कम कर दें.
अगर मॉनसून के दौरान आपका कुछ गरमा-गरम, स्वादिष्ट और पौष्टिक खाने का मन है, तो वेज मंचो सूप एक शानदार विकल्प है. इसे बनाना आसान है और बारिश का मज़ा लेते हुए परिवार के साथ इसका आनंद लिया जा सकता है. घर पर इस आसान रेसिपी को ज़रूर आज़माएं और गरमा-गरम सूप का स्वाद लें.
( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.

