Sunday, August 2, 2026
Homeबिज़नेसGold-Siver Rate :हफ्तेभर में सोना ₹1,672 तो चांदी ₹6,476 सस्ती हुई

Gold-Siver Rate :हफ्तेभर में सोना ₹1,672 तो चांदी ₹6,476 सस्ती हुई


नई दिल्ली. अमेरिकी डॉलर की बढ़ती ताकत और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में आए उछाल ने सोने-चांदी की स्‍पीड पर ब्रेक लगा दिया है. अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में सोने में सुस्‍ती का असर भारत के सर्राफा बाजार से लेकर वायदा बाजार (MCX) तक दिखा. इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने का भाव हफ्ते भर में 1672 रुपये टूट गया तो चांदी भी 6476 रुपये प्रति किलो सस्‍ती हो गई.

सोमवार को 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,44,532 था, जो शुक्रवार तक गिरकर ₹1,42,860 पर आ गया. यानी महज पांच दिनों में सोने का भाव 1.15% टूट गया. इसी तरह सोमवार को ₹2,24,771 प्रति किलो बिकने वाली चांदी हफ्ते के अंत तक ₹2,18,295 पर आ गई.

क्‍यों गिरा सोना-चांदी का भाव

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, चांदी अपेक्षाकृत सीमित दायरे में कारोबार करती रही, जबकि निवेशक फेडरल रिजर्व की आगे की मौद्रिक नीति और नए वैश्विक आर्थिक संकेतों का इंतजार करते रहे. इसी वजह से कीमती धातुओं के बाजार में सतर्कता का माहौल बना रहा. विश्लेषकों का कहना है कि इस सप्ताह कमोडिटी बाजार में भी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कई बार कम होने और फिर बढ़ने की स्थिति में रहा. हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में कुछ नरमी आई, लेकिन बढ़ती महंगाई की आशंकाओं ने अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और डॉलर को मजबूती दी, जिससे बिना ब्याज वाले निवेश विकल्पों जैसे सोने की मांग प्रभावित हुई.

फेडरल रिजर्व के अपेक्षाकृत सख्त रुख, मजबूत श्रम बाजार और तेल कीमतों में हालिया बढ़ोतरी से बढ़ी महंगाई की आशंकाओं के कारण निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर हुई है. बाजार अब सितंबर में ब्याज दर बढ़ने की संभावना लगभग 63 प्रतिशत मान रहा है. इधर, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में टैंकरों को रोके जाने और हूती विद्रोहियों की नाकेबंदी के बाद सऊदी अरब द्वारा लाल सागर में समुद्री सुरक्षा के लिए 43 देशों का गठबंधन बनाने की पहल ने भू-राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है.

युद्धविराम हो जाए तो और गिरे भाव

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि क्षेत्र में स्थायी युद्धविराम होता है तो ऊर्जा कीमतों पर दबाव कम होगा, वैश्विक निवेशकों का जोखिम उठाने का रुझान सुधरेगा और इससे सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं को भी अतिरिक्त समर्थन मिल सकता है. तकनीकी स्तर पर कॉमेक्स पर सोने के लिए तत्काल 4,160-4,180 डॉलर प्रति औंस का स्तर प्रमुख प्रतिरोध माना जा रहा है, जबकि 4,090-4,070 डॉलर का स्तर मजबूत समर्थन है. वहीं, एमसीएक्स गोल्ड के लिए 1,44,000-1,44,300 रुपए का स्तर निकटतम रेजिस्टेंस और 1,43,000-1,43,300 रुपए का स्तर प्रमुख सपोर्ट माना जा रहा है.

विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में निवेशकों की नजर अमेरिकी महंगाई और रोजगार संबंधी आंकड़ों, फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की टिप्पणियों, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और यूएस डॉलर इंडेक्स की चाल पर रहेगी. यही कारक आगे सोने और चांदी की कीमतों की दिशा तय करेंगे.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments