No Besan Pakoda Recipe : बारिश का मौसम आते ही चाय के साथ गरमा-गरम पकौड़े खाने का मन करता है. लेकिन, कई बार घर पर बेसन खत्म हो जाता है और पकौड़े बनाने का प्लान अधूरा रह जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है, तो चिंता करने की कोई बात नहीं है। आप सिर्फ़ गेहूं के आटे, आलू और प्याज़ का इस्तेमाल करके स्वादिष्ट और कुरकुरे पकौड़े बना सकते हैं. ये पकौड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम बनते हैं। आइए इसकी आसान रेसिपी जानते हैं…
आवश्यक सामग्री
2 मध्यम आकार के आलू, 2 प्याज, 1 कप गेहूं का आटा, 2 बड़े चम्मच चावल का आटा, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच अजवाइन, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, स्वादानुसार नमक, बारीक कटा हुआ ताज़ा हरा धनिया, ज़रूरत के अनुसार पानी और तलने के लिए तेल.
कैसे तैयार करें बैटर
एक बड़े कटोरे में गेहूं का आटा और चावल का आटा डालें. अब इसमें लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन, धनिया पाउडर, नमक और हरा धनिया मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा करके पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें. ध्यान रखें कि घोल न तो बहुत पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा.
बनाने की विधि
अब कटे हुए आलू और प्याज को तैयार घोल में अच्छी तरह मिला लें, ताकि मसाले हर टुकड़े पर अच्छी तरह लग जाएं. एक पैन में तेल गरम करें. जब तेल पर्याप्त गर्म हो जाए तो मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा करके तेल में डालें. पकौड़ों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
कैसे परोसें
पकौड़ों को टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. इन्हें हरे धनिये की चटनी, इमली की चटनी या टोमैटो सॉस के साथ गरमागरम परोसें. अदरक वाली चाय के साथ इनका स्वाद और भी अच्छा लगता है.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.
( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.

