भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों की मतगणना 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसके लिए 33 टेबल निर्धारित की गई हैं। 18 टेबलों पर वार्ड 1 से 35 और 15 टेबलों पर वार्ड 36 से 70 की मतगणना होगी। मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, तिलक नगर में की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। दो कमरों में होगी 70 वार्डों की काउंटिंग नगर निगम भीलवाड़ा के सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतों की गणना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में होगी। मतगणना के लिए कक्ष, स्ट्रांग रूम, मतगणना टेबल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग कमरे निर्धारित किए गए हैं। रिटर्निंग अधिकारी के लिए कमरा नंबर 42 और सहायक रिटर्निंग अधिकारी के लिए कमरा नंबर 39 तय किया गया है। EVM कलेक्शन के लिए ग्राउंड फ्लोर पर कमरा नंबर 41 रहेगा। कमरा नंबर 42 में टेबल संख्या 1 से 18 तक वार्ड संख्या 1 से 35 की मतगणना होगी। वहीं कमरा नंबर 39 में टेबल संख्या 1 से 15 तक वार्ड संख्या 36 से 70 के वोट गिने जाएंगे। मतगणना स्थल पर अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए कमरे तय मतगणना स्थल पर पर्यवेक्षक कक्ष, जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष, पुलिस अधीक्षक कक्ष, जिला निर्वाचन शाखा, नियंत्रण कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष और सांख्यिकीय सूचनाएं कक्ष निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा आरक्षित मतगणना दल कक्ष, मीडिया कक्ष, लेखा भुगतान कक्ष, स्टोर कक्ष, अल्पाहार एवं सर्किट हाउस व्यवस्था कक्ष और यातायात प्रकोष्ठ कक्ष भी बनाए गए हैं। जिले की 10 नगर पालिकाओं में यहां होगी मतगणना नगर पालिका बीगोद की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीगोद, आसींद की राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आसींद और गुलाबपुरा की श्री गांधी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय गुलाबपुरा में होगी। गंगापुर के लिए उपखंड कार्यालय गंगापुर परिसर के पीछे स्थित बैठक हॉल (कृषि भवन), जबकि हमीरगढ़ के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हमीरगढ़ को मतगणना स्थल बनाया गया है। बनेड़ा में राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा, शाहपुरा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहपुरा, जहाजपुर में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल जहाजपुर, मांडलगढ़ में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय मांडलगढ़ और बिजौलिया में राउमावि बिजौलिया को मतगणना स्थल निर्धारित किया गया है। नगर पालिकावार इतनी टेबलों पर होगी मतगणना बीगोद में 25 वार्डों के लिए 5 टेबल, आसींद में 25 वार्डों के लिए 5 टेबल, गुलाबपुरा में 35 वार्डों के लिए 7 टेबल और गंगापुर में 25 वार्डों के लिए 5 टेबल निर्धारित की गई हैं। हमीरगढ़ में 20 वार्डों के लिए 4 टेबल, बनेड़ा में 20 वार्डों के लिए 4 टेबल, शाहपुरा में 35 वार्डों के लिए 7 टेबल, जहाजपुर में 25 वार्डों के लिए 5 टेबल, मांडलगढ़ में 20 वार्डों के लिए 4 टेबल और बिजौलिया में 25 वार्डों के लिए 5 टेबल पर मतगणना होगी। लापरवाही नहीं करने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित प्रभारी अधिकारियों और कर्मचारियों को मतगणना से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मतगणना के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता, पारदर्शिता तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कराने को कहा है।
Source link

