Last Updated:
Potato Jalebi Recipe: मैदे के कारण यदि आप जलेबी नहीं खाते हैं, तो यहां आप एक ऐसी रेसिपी जान सकते हैं जिसमें आलू से जलेबी बनकर तैयार होती है. खासबात ये है कि आलू से बनने के बावजूद जलेबी कुरकुरी और अंदर से चाशनी से भरी होती है.
जलेबी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से चाशनी से भरी जलेबी भारत की सबसे पसंदीदा मिठाइयों में से एक है. कई लोग इसे सुबह के नाश्ते में दही या दूध के साथ खाना पसंद करते हैं, तो कुछ इसे त्योहारों और खास मौकों पर जरूर शामिल करते हैं. आमतौर पर जलेबी मैदा से बनाई जाती है, लेकिन ज्यादा मैदा खाने से बचने वाले लोग इसका स्वाद लेने से कतराते हैं.
अगर आप भी कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहती हैं, तो उबले हुए आलू से बनी जलेबी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. यह रेसिपी बनाने में आसान है और घर में मौजूद सामान्य सामग्री से तैयार हो जाती है. आलू की मदद से बनी ये जलेबी बाहर से कुरकुरी और अंदर से रसीली बनती है. खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं होती. आइए जानते हैं आलू की जलेबी बनाने का आसान तरीका.
आलू से जलेबी बनाने की रेसिपी
सामग्री
2 मध्यम आकार के उबले आलू
आधा कप मैदा
2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर या चावल का आटा
2 बड़े चम्मच दही
1 चुटकी बेकिंग सोडा
जरूरत के अनुसार पानी
1 कप चीनी
1 कप पानी (चाशनी के लिए)
थोड़ा सा केसर या फूड कलर (वैकल्पिक)
तलने के लिए घी या तेल
बनाने की विधि
- सबसे पहले चाशनी तैयार करें. इसके लिए एक पैन में चीनी और पानी डालकर उबालें. जब चीनी पूरी तरह घुल जाए और चाशनी हल्की चिपचिपी हो जाए, तब गैस बंद कर दें. चाहें तो इसमें केसर या इलायची पाउडर भी मिला सकते हैं.
- अब उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे. इसके बाद इसमें मैदा, कॉर्नफ्लोर और दही डालकर अच्छे से मिलाएं. धीरे-धीरे पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूद बैटर तैयार करें.
- जलेबी तलने से पहले बैटर में बेकिंग सोडा मिलाएं. अब इस मिश्रण को सॉस की बोतल या पाइपिंग बैग में भर लें. कड़ाही में तेल या घी गर्म करें और गोल-गोल आकार में जलेबियां बनाते हुए मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें.
- तली हुई गर्म जलेबियों को तुरंत हल्की गर्म चाशनी में डालें और 1 से 2 मिनट तक रहने दें. इसके बाद इन्हें निकालकर सर्व करें.
ध्यान रखने वाली जरूरी बातें
आलू को अच्छी तरह मैश करें, ताकि बैटर में गांठें न रहें. तेल या घी का तापमान मध्यम रखें, इससे जलेबी अच्छी तरह कुरकुरी बनेगी. चाशनी न ज्यादा गर्म हो और न ही ठंडी. हल्की गर्म चाशनी में जलेबी डालने से उसका स्वाद बेहतर आता है. जलेबी को दही के साथ परोसने से स्वाद और भी बढ़ जाता है.
About the Author

शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें

