जैसलमेर के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के चाहड गांव स्थित 33 केवी जीएसएस से चोरों ने ट्रांसफॉर्मर ऑयल चोरी कर लिया। अलसुबह जीएसएस परिसर में संदिग्ध आवाजें सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो चोर पिकअप लेकर भाग निकले। मोहनगढ़ पुलिस ने आरोपियों का करीब 100 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान नाचना-रामदेवरा मार्ग पर दिधु गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। ट्रांसफॉर्मर से ड्रमों में भर रहे थे तेल 33 केवी जीएसएस पर चोर ट्रांसफॉर्मरों के नट-बोल्ट खोलकर उनमें भरा ऑयल ड्रम और कैन में भर रहे थे। इस दौरान बिजली की लाइनें भी चालू थीं। ग्रामीणों को परिसर से संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं और मौके पर पहुंचे तो चोर तेल चोरी करते मिले। ग्रामीणों को देखकर चोरों ने अपनी पिकअप को दौड़ा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू किया पीछा ग्रामीणों ने तुरंत मोहनगढ़ पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पिकअप का रूट पता चलने पर पुलिस ने उनका करीब 100 किलोमीटर तक पीछा किया। नाचना-रामदेवरा मार्ग पर दिधु गांव के पास पुलिस को पीछे आता देख आरोपियों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप पलटने के बाद पुलिस ने मौके से 3 आरोपियों को पकड़ लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही, इस वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों और चोरी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link

