दिवाली का त्योहार हो और घर में मिठाइयों की बात न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है. इस मौके पर ज्यादातर लोग बेसन के लड्डू, काजू कतली, गुलाब जामुन और बर्फी जैसी मिठाइयां बनाते हैं. लेकिन अगर इस बार आप मेहमानों को कुछ अलग और खास खिलाना चाहते हैं, तो मुंबई का मशहूर आइस हलवा बना सकते हैं. यह मिठाई अपने पतले, पारदर्शी और कुरकुरे टेक्सचर के लिए जानी जाती है. इसे खाते ही मुंह में मिठास घुल जाती है. खास बात यह है कि इसे घर पर भी कुछ आसान सामग्री की मदद से तैयार किया जा सकता है.
आइस हलवा को महिम हलवा और पेपर हलवा के नाम से भी जाना जाता है. यह मुंबई की पारंपरिक मिठाइयों में शामिल है. इसका नाम आइस हलवा इसलिए पड़ा क्योंकि इसे बेहद पतली शीट के रूप में तैयार किया जाता है, जो देखने में बर्फ की परत जैसी लगती है. वहीं, इसकी पतली बनावट के कारण इसे पेपर हलवा भी कहते हैं.
इस मिठाई का मुंबई से खास नाता है. खासतौर पर महिम इलाके में इसकी पुरानी मिठाई की दुकानों के कारण इसे महिम हलवा के नाम से भी पहचान मिली. इसे बनाने में दूध, चीनी, घी और कॉर्नफ्लोर जैसी सामग्री का इस्तेमाल होता है. ऊपर से बादाम और पिस्ता डालने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
आइस हलवा बनाने के लिए सामग्री
1 कप कॉर्नफ्लोर
2 कप चीनी
2 कप दूध
आधा कप घी
1 कप पानी
1 चम्मच इलायची पाउडर
कटे हुए बादाम और पिस्ता
खाने वाला ऑरेंज या पीला रंग (वैकल्पिक)
घर पर ऐसे बनाएं मुंबई वाला आइस हलवा
सबसे पहले एक बर्तन में कॉर्नफ्लोर और पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि इसमें गांठें न पड़ें. अब इसमें दूध और चीनी डालकर दोबारा अच्छी तरह फेंट लें. अगर आप हलवे को पारंपरिक पीला या नारंगी रंग देना चाहते हैं, तो इसमें थोड़ा सा फूड कलर मिला सकते हैं.
अब एक भारी तले वाली कड़ाही लें और तैयार मिश्रण को उसमें डाल दें. इसे धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. कुछ देर बाद मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा. इस दौरान इसमें थोड़ा-थोड़ा करके घी मिलाते रहें. मिश्रण को लगातार चलाना जरूरी है, ताकि यह कड़ाही के तले में चिपके नहीं और इसमें गांठें न बनें.
जब मिश्रण पारदर्शी और चमकदार दिखाई देने लगे और कड़ाही छोड़ने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें. अब गैस बंद कर दें. एक चिकनी थाली या बटर पेपर पर हल्के हाथों से घी लगाएं और तैयार मिश्रण को उस पर पतली परत में फैला दें.
इसके ऊपर कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर हल्के हाथों से दबा दें. मिश्रण को ठंडा होने दें, ताकि वह अच्छी तरह जम जाए. इसके बाद इसे चौकोर या मनचाहे आकार में काट लें. तैयार है मुंबई का मशहूर आइस हलवा.

