मोतिहारी में बुधवार की शाम शादी को लेकर हुए विवाद में युवक की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में संजय साह(42) और उसके 16 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार किया है। घटना चकिया थाना क्षेत्र के मनी छपरा बहुआरा गांव की है। मृतक की पहचान फुलगेंड साह का बेटा सुबोध कुमार(19) के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पड़ोसी ने बहन के ससुराल वाले को दी थी धमकी परिजनों के मुताबिक, सुबोध की चचेरी बहन की शादी तय हुई थी। गांव में सामने के घर में रहने वाले संजय साह ने शादी तय करने वाले लड़के पक्ष के लोगों को फोन कर धमकी दी थी। उसने कहा था कि शादी हुई तो उनके लड़के को जान से मार देगा। लड़के वालों ने यह बात लड़की पक्ष को बताई। समझाने पहुंचे भाई पर तलवार से किया हमला इसकी जानकारी मिलने पर सुबोध मामले की सच्चाई जानने और संजय से बात करने पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि संजय ने सुबोध पर तलवार से हमला कर दिया। सुबोध गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल लाया गया। पुलिस ने पिता-बेटे को किया गिरफ्तार 12 नवंबर को हत्या की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम बनाई गई। मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर कार्रवाई की गई। चकिया थाना कांड संख्या 503/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान गवाहों ने घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग को विवाद का कारण बताया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनी छपरा वार्ड नंबर-दो निवासी संजय साह(42) और उसके 16 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों की इस हत्याकांड में संलिप्तता सामने आई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मृतक के भाई मुनील साह और चाचा विनोद साह ने घटना के संबंध में परिजनों को जानकारी दी। महज शादी के विवाद में परिवार के सबसे छोटे बेटे की मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Source link

