दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने और 7 करोड़ रुपए मांगने के मामले में रोहतक के कोमल जांगड़ा की गिरफ्तारी पर परिवार ने सवाल उठाए हैं। बड़े भाई एडवोकेट तिलकराज का आरोप है कि यह राजनीतिक षड्यंत्र है और किसी राजनीतिक फायदे के लिए भाई को जानबूझकर फंसाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब धमकी दिल्ली में मिली तो FIR मोहाली में क्यों दर्ज करवाई गई। भाई ने किसी गैंग से संबंध है और न ही किसी पार्टी से। तिलकराज ने बताया कि जिस समय पुलिस कोमल को गिरफ्तार करने पहुंची, उस समय वह राजस्थान में एक केस के सिलसिले में गया हुआ था। घर पर उनका भतीजा और कोमल मौजूद थे। अचानक 20 से 25 लोग घर में घुसे और कोमल को पकड़कर ले गए। घर के आसपास पुलिस की कई गाड़ियां खड़ी थीं और पूरे मकान को घेरा हुआ था। मोहाली के ACP ने फोन कर गिरफ्तारी की जानकारी दी तिलकराज के मुताबिक, सोमवार को उन्हें मोहाली के ACP का फोन आया था। उन्होंने बताया कि कोमल को गिरफ्तार किया गया है। मोहाली साइबर थाने की पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस भी आई थी। परिवार को पूरे मामले की जानकारी बाद में मिली। गिरफ्तारी के बाद से कोमल से उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस से ही संपर्क हो रहा है। दिल्ली में धमकी, एक दिन बाद मोहाली में FIR पर सवाल तिलकराज ने केस दर्ज होने की जगह पर सवाल उठाते हुए कहा कि 6 नवंबर को तिलकनगर दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह के फोन पर मैसेज और कॉल आई थी। इसके एक दिन बाद 7 नवंबर को मोहाली में FIR दर्ज करवाई गई। जब धमकी दिल्ली में मिली थी तो केस भी दिल्ली में दर्ज क्यों नहीं करवाया गया। उन्हें इस पूरे घटनाक्रम में साजिश नजर आ रही है। बोले- राजनीतिक स्टंट लग रहा, भाई का किसी गैंग से संबंध नहीं तिलकराज ने कहा कि पूरा मामला पेचीदा है और उन्हें यह राजनीतिक स्टंट लग रहा है। उनका आरोप है कि कोई राजनीतिक फायदा उठाने के लिए कोमल को जानबूझकर फंसा रहा है। कोमल इस तरह का कोई काम नहीं कर सकता। उसका किसी राजनीतिक पार्टी या आपराधिक गैंग से भी कोई संबंध नहीं है। एक हफ्ते बाद भी केजरीवाल की तरफ से कोई बयान नहीं तिलकराज ने कहा कि इस मामले को एक सप्ताह हो चुका है और पुलिस 9 नवंबर को कोमल को पकड़कर ले गई थी। इसके बावजूद अब तक अरविंद केजरीवाल की तरफ से इस मामले में एक शब्द भी नहीं बोला गया। उन्होंने सवाल उठाया कि केजरीवाल की जगह विधायक जरनैल सिंह ने केस क्यों दर्ज करवाया और अब तक केजरीवाल के बयान क्यों नहीं आए। 14 दिन बाद जमानत याचिका लगाएगा परिवार तिलकराज ने बताया कि पुलिस ने कोमल को एक दिन के रिमांड पर लिया था। इसके बाद उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब 14 दिन बाद उसकी जमानत के लिए याचिका लगाई जाएगी। उनका कहना है कि कोमल का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। कोर्ट में अगली सुनवाई के दौरान वे मोहाली जाएंगे। 2 सरकारी नौकरी कर चुका कोमल उर्फ कोबरा कोमल जांगड़ा पहले करनाल के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत था। हालांकि, उसने वहां से खुद ही इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उसे रोहतक डीसी ऑफिस में क्लर्क की नौकरी मिली। डीसी ऑफिस में कोमल की साथी कर्मचारियों के साथ कहासुनी हो गई थी। इस मामले में डीसी ने उसे अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया था। हालांकि, कोमल ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद डीसी ने करीब छह माह पहले उसे नौकरी से टर्मिनेट कर दिया था।
Source link

