इंदौर में जमीन दिलाने के नाम पर दूध व्यापारी से 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने 12 साल पुरानी पहचान का फायदा उठाकर कम कीमत में भूखंड दिलाने का झांसा दिया। नकद और ऑनलाइन माध्यमों से रकम लेने के बाद न जमीन का कब्जा दिया और न ही रजिस्ट्री कराई। जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने रविवार रात 4 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, फरियादी सतीश गुर्जर निवासी रूपराम नगर (जूनी इंदौर) दूध का व्यवसाय करते हैं। उनकी दुकान पर करीब 12 साल से संजय कर्दम दूध लेने आता था। पुरानी पहचान के चलते संजय ने सतीश की मुलाकात अपने साथी हरगुन आहूजा और संतोष सचदेवा से कराई। 60 लाख में 5 भूखंड का सौदा साल 2022 में आरोपियों ने खुद को ‘यंग एंड ग्रो’ (Young Grow) कंपनी का प्रोपराइटर बताते हुए सतीश को कम कीमत पर 5 भूखंड दिलाने का झांसा दिया। इनका सौदा करीब 60 लाख रुपए में तय हुआ। इसके लिए सतीश ने नकद, यूपीआई और अन्य माध्यमों से रुपए दिए, लेकिन आरोपियों ने भूखंडों की रजिस्ट्री नहीं कराई। महू में दिखाई 37 हजार वर्गफीट जमीन रजिस्ट्री टालने के बाद आरोपियों ने सतीश को महू के ग्राम सोनवाय स्थित रीगेन रीजेंसी में जमीन दिलाने का प्रस्ताव दिया। इस सौदे में सतीश ने अपने साथी मुकेश को भी शामिल कर लिया। आरोपियों ने दोनों की मुलाकात परेश छेड़ा से कराई और 37 हजार से अधिक वर्गफीट जमीन का सौदा तय कराया। 17 जून को 1 हजार रुपए के स्टाम्प पेपर पर जमीन का सौदा 5 करोड़ 63 लाख 17 हजार रुपए में तय हुआ। शुरुआत में 1 करोड़ 6 लाख रुपए नकद लिए गए। इसके बाद कॉलोनी के विकास, सरकारी अनुमतियों और न्यायालयीन व्यवस्थाओं का हवाला देकर अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से 91 लाख रुपए और लिए गए। आरोपियों ने अलग-अलग कुल 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपए ले लिए। मौके पर पहुंचे तो दूसरे की निकली जमीन पूरी रकम देने के बाद सतीश ने आरोपियों पर रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया, लेकिन वे टालमटोल करने लगे। संदेह होने पर सतीश अपने साथी मुकेश के साथ रीगेन रीजेंसी पहुंचे। वहां उन्हें ‘कृषि डेवलपर्स’ का बोर्ड लगा मिला और निर्माण कार्य चलता दिखाई दिया। पड़ताल करने पर पता चला कि जिस जमीन का सौदा आरोपियों ने किया था, वह रितेश बंसल की है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी परेश छेड़ा की पहचान से जुड़े आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज अलग-अलग और फर्जी थे। कोर्ट के नोटिस के बाद FIR दर्ज ठगी का अहसास होने पर सतीश ने कोर्ट के माध्यम से आरोपियों को नोटिस भिजवाए और क्राइम ब्रांच में शिकायत की। दस्तावेजों की जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने रविवार रात संजय कर्दम, हरगुन आहूजा, संतोष सचदेवा और परेश छेड़ा के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।
Source link
इंदौर के दूध व्यापारी से 3.16 करोड़ की ठगी: 12 साल पुरानी पहचान का उठाया फायदा, जमीन के नाम पर हड़पे रुपए – Indore News
RELATED ARTICLES

