दरभंगा जिले में लंबित न्यायालयी मामलों के निष्पादन और पुलिस की ऑनलाइन कार्य प्रणाली की समीक्षा को लेकर सोमवार देर शाम तक एसएसपी ने बैठक की। इसमें सभी थानों के पीसी प्रभारी सह आईटी प्रभारियों को शामिल होना था, लेकिन मीटिंग में 12 थानों के पदाधिकारी गायब रहे। बेंता, महिला थाना, मोरो, रैयाम, मनीगाछी, नेहरा, वाजितपुर, अलीनगर, घनश्यामपुर, तिलकेश्वर, जमालपुर और नदी थाना के पदाधिकारी मीटिंग में शामिल नहीं गुए। इस पर एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। बहेड़ी थानाध्यक्ष से मांगा स्पष्टीकरण वहीं, वर्ष 2026 के कांडों के निष्पादन से संबंधित केस डायरी अद्यतन नहीं रहने पर बहेड़ी थानाध्यक्ष और आईटी पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बैठक में लंबित मामलों के निष्पादन के साथ पुलिस के डिजिटल रिकॉर्ड को समय पर अपडेट करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा ई-समन, जमानतीय एवं गैर-जमानतीय वारंट, समन, कुर्की और इश्तिहार से संबंधित प्रक्रियाओं का समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी दर्ज प्राथमिकी और गिरफ्तारी मेमो को 24 घंटे के भीतर एससीआरबी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया। पेंडिंग केस की समीक्षा समीक्षा बैठक के दौरान कोर्ट से प्राप्त लंबित समन, वारंट, कुर्की, इश्तिहार और सीडी सहित अन्य मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी पीसी प्रभारियों को लंबित वारंट, कुर्की और इश्तिहार का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) में लंबित एसबीआर और आरोपपत्र के लिए लंबित कांडों की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को लंबित एसबीआर और आरोपपत्र यथाशीघ्र न्यायालय में समर्पित करने का निर्देश दिया गया। सीसीटीएनएस और ई-साक्ष्य पर विशेष जोर एसएसपी ने सभी थानों को स्टेशन डायरी, प्राथमिकी रिपोर्ट और अन्य संबंधित दस्तावेजों की सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) में वास्तविक समय पर प्रविष्टि करने का निर्देश दिया। ई-साक्ष्य ऐप पर कांड से संबंधित महत्वपूर्ण वीडियो और तस्वीरें नियमानुसार अपलोड करने तथा पुराने कांडों की केस डायरी को वर्षवार सीसीटीएनएस में अपलोड करने के लिए भी कहा गया।
जीरो एफआईआर और गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों की भी समीक्षा बैठक में सीआरआईएमएसी (CriMAC) के माध्यम से जीरो एफआईआर दूसरे राज्यों को भेजने, आरोप पत्र, अंतिम प्रपत्र को सीसीटीएनएस में अपलोड करने और गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को सीआरआईएमएसी और आईसीजेएस पोर्टल पर प्रतिदिन लॉगिन कर आवश्यक सर्च करने को कहा गया। एसएसपी ने पुलिस की कार्यप्रणाली में तकनीकी प्रणालियों के प्रभावी इस्तेमाल, अभिलेखों के नियमित अद्यतीकरण और न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया।
Source link

