नई दिल्ली. पैसा है लेकिन पता नहीं कहां लगाएं? आईपीओ आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. आपको इस हफ्ते 1-2 नहीं बल्कि 3 आईपीओ के विकल्प मिलेंगे. इनकी टोटल वैल्यू 10,000 करोड़ रुपये है. इनमें से चाहें तो आप तीनों के लिए बोली लगा सकते हैं या फिर सारा पैसा भरोसा करके एक ही आईपीओ में भी झोंक सकते हैं. लेकिन कोई भी फैसला लेने से पहले यह जान लें कि ये तीनों पैसा लगाने लायक हैं भी या नहीं.
हम आपको एक-एक करके इन तीनों आईपीओ की डिटेल दे रहे हैं. इस हफ्ते जो 3 आईपीओ आने वाले हैं उनके नाम हैं एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट, अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड और मिलवर्क्स टेक्नोलॉजी. इनमें पहले दो मेनबोर्ड IPO हैं, जबकि तीसरा SME IPO है. आइए अब इन तीनों के बारे में विस्तार से जानते हैं.\
सबसे बड़ा आईपीओ
इस हफ्ते का सबसे बड़ा और सबसे चर्चित IPO एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का है. यह देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक और फ्रांस की एसेट मैनेजमेंट कंपनी अमुंडी (Amundi) की संयुक्त कंपनी है. कंपनी इस IPO के जरिए 9,812.91 करोड़ रुपये जुटा रही है. इसके लिए 545 रुपये से 574 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है. यह पूरी तरह ऑफर फोर सेल (OFS) है. यानी कंपनी को इस IPO से एक भी रुपया नहीं मिलेगा. पूरा पैसा अपने शेयर बेच रहे दोनों प्रमोटर्स के पास जाएगा. IPO के तहत SBI करीब 4.88 फीसदी और अमुंडी करीब 3.51 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी. प्री IPO निवेश के बाद इश्यू का आकार पहले के मुकाबले थोड़ा घटाया गया है.
अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड क्या करती है?
गुजरात की टेक्सटाइल कंपनी अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड इस हफ्ते दूसरा मेनबोर्ड IPO ला रही है. कंपनी 126.25 करोड़ रुपये जुटाएगी. इसके लिए 100 रुपये से 105 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है. यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है. यानी IPO से मिलने वाला पैसा सीधे कंपनी को मिलेगा. इस रकम का इस्तेमाल नया वीविंग प्लांट लगाने, ग्रे फैब्रिक की उत्पादन क्षमता बढ़ाने, कर्ज चुकाने और दूसरे कारोबारी कामों में किया जाएगा.
एसएमई सेगमेंट में आएगा मिलवर्क्स टेक्नोलॉजी
अगर आप SME IPO में निवेश करना चाहते हैं तो इस हफ्ते आपके पास मिलवर्क्स टेक्नोलॉजी का विकल्प होगा. बेंगलुरु की यह प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपनी 160.30 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है. कंपनी ने 315 रुपये से 331 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. यह भी पूरी तरह फ्रेश इश्यू है. IPO से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल नई मशीनें खरीदने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतें पूरी करने और सामान्य कारोबारी उद्देश्यों में किया जाएगा.
इस साल IPO बाजार कितना गर्म रहा?
इस साल अब तक 30 मेनबोर्ड IPO के जरिए 24,404 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं. एसबीआई फंड मैनेजमेंट और अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड के जुड़ने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 34,343 करोड़ रुपये हो जाएगा. वहीं SME सेगमेंट में अब तक 90 कंपनियां करीब 3,861 करोड़ रुपये जुटा चुकी हैं. मिलवर्क्स टेक्नोलॉजी के आने के बाद यह रकम 4,022 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी.
जिन IPO पर अभी बोली चल रही है
इस बीच लेजर पावर एंड इंफ्रा का 742 करोड़ रुपये का IPO 13 जुलाई को बंद होगा. इसके अलावा SME कंपनियों डेवसन कैटेलिस्ट और हैप्पी स्टील्स के IPO भी उसी दिन बंद होंगे. डेवसन कैटेलिस्ट को शुरुआती दो दिनों में 27.35 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है, जबकि हैप्पी स्टील्स को 2.95 गुना बोली मिल चुकी है. तीनों कंपनियों की शेयर बाजार में लिस्टिंग 16 जुलाई को होने की संभावना है.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स सिर्फ जानकारी देने के उद्देश्य से हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले एक्सपर्ट से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)

