खंडवा के पंधाना थाना क्षेत्र के खिराला गांव में उर्स के ग्यारहवें कार्यक्रम के दौरान खेत में वाहन खड़े करने को लेकर विवाद हो गया। खड़ी फसल में वाहन खड़े करने का विरोध करने पर किसान और उसके बेटे के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप है। शिकायत में पत्थर से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे की बताई गई है। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए खेत का इस्तेमाल किया जा रहा था। खेत में मूंगफली, सोयाबीन और प्याज की फसल खड़ी थी। किसान ने फसल को नुकसान होने की आशंका जताते हुए वाहनों को खेत में खड़ा करने और उनकी आवाजाही का विरोध किया। गाली-गलौज के बाद मारपीट हुई
शिकायत के अनुसार, इसी बात को लेकर असलम, इमरान, मुन्नू, मकसूद और एक अन्य व्यक्ति से किसान का विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर किसान और उसके बेटे कैलाश के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। किसान ने शिकायत में बताया कि उस पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे आंख के पास चोट लगी। कैलाश बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का आरोप है। शिकायत में जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया गया है। एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज
पंधाना थाने में पुलिस ने मारपीट, जान से मारने की धमकी और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार राठौर कर रहे हैं। घटना के बाद किसान और ग्रामीण बोरगांव चौकी पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति संभाली। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस मारपीट, धमकी और अन्य आरोपों की जांच कर रही है।
Source link
उर्स के दौरान खड़ी फसल में पार्किंग को लेकर विवाद: खंडवा में किसान और बेटे से मारपीट का आरोप, 4 गिरफ्तार; एक की तलाश – Khandwa News
RELATED ARTICLES

