Last Updated:
Jamshedpur manpreet singh success story : जमशेदपुर के 21 वर्षीय मनप्रीत सिंह की कहानी संघर्ष और मेहनत की मिसाल है. महज 3 साल की उम्र में पिता को खोने के बाद उन्होंने बचपन से ही काम करना शुरू कर दिया. कभी घर के अमरूद बेचकर पैसे कमाए, तो कभी घर-घर अखबार पहुंचाया. बाद में कपड़ों के कारोबार से जुड़े और “Shades of Punjab” नाम से अपना ब्रांड शुरू किया. आज शहर में उनके दो आउटलेट चल रहे हैं, जहां पंजाबी परिधानों की अच्छी रेंज मिलती है. मनप्रीत कहते हैं कि उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी.
जमशेदपुर : जब बच्चे अपनी छोटी-सी दुनिया में खिलौनों, बैट-बॉल और टेडी बेयर के साथ खेलते हैं, उस उम्र में जमशेदपुर के मनप्रीत सिंह जिंदगी की कठिन सच्चाइयों से रूबरू हो चुके थे. महज 3 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया. घर में मां और एकमात्र बेटे मनप्रीत ही थे. परिवार की जिम्मेदारी और आर्थिक चुनौतियों ने उन्हें बचपन से ही संघर्ष करना सिखा दिया.
आज 21 वर्षीय मनप्रीत सिंह शहर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं. उनके द्वारा स्थापित “Shades of Punjab” आज जमशेदपुर में पंजाबी परिधानों का एक जाना-पहचाना नाम है. शहर के काशीडीह और जेमको में उनके दो सफल आउटलेट संचालित हो रहे हैं, जहां महिलाओं और पुरुषों के लिए ऑथेंटिक पंजाबी परिधानों का बड़ा संग्रह उपलब्ध है.
घर-घर अखबार पहुंचाने का काम किया
मनप्रीत बताते हैं कि उन्होंने महज 8 साल की उम्र से काम करना शुरू कर दिया था. उनके घर में अमरूद का पेड़ था और वे उन अमरूदों को तोड़कर सब्जी मंडी में बेचने जाया करते थे. इसके बाद उन्होंने घर-घर अखबार पहुंचाने का काम किया. समय के साथ उन्होंने राशन दुकान में काम किया और स्पेयर पार्ट्स की दुकान में भी मेहनत की. छोटी उम्र में ही उन्होंने समझ लिया था कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए संघर्ष और मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता.
ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए वे पंजाब गए, लेकिन वहां की फीस और खर्च उनके लिए काफी अधिक साबित हुए. आर्थिक परिस्थितियों के कारण पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो गया. ऐसे समय में उन्होंने अपने भाई के साथ कपड़ों के व्यापार में हाथ बंटाना शुरू किया. इसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि यदि सही तरीके से काम किया जाए तो रेडीमेड और पारंपरिक कपड़ों का व्यवसाय काफी आगे बढ़ सकता है.
यही सोच लेकर वे वापस जमशेदपुर लौटे और “Shades of Punjab” की शुरुआत की. धीरे-धीरे लोगों का विश्वास बढ़ता गया और उनका कारोबार भी आगे बढ़ता गया. आज उनके स्टोर में पंजाबी कुर्ती, सलवार-सूट, चुन्नी, पगड़ी, जूती, मोजड़ी, जींस, शर्ट और अन्य पारंपरिक एवं आधुनिक परिधानों का बेहतरीन संग्रह उपलब्ध है.
सफलता का श्रेय अपनी मां की मेहनत, भगवान आशीर्वाद
मनप्रीत कहते हैं कि बचपन में उनके भी दोस्त थे, लेकिन वे कभी उनके साथ खेल नहीं पाए. घर की जिम्मेदारियां और मां का सहारा बनने की चिंता हमेशा उनके साथ रही. हालांकि, उन्होंने कभी हार नहीं मानी. आज वे अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां की मेहनत, भगवान के आशीर्वाद और लगातार किए गए संघर्ष को देते हैं.
उनका मानना है कि यदि इरादे मजबूत हों तो कठिन से कठिन परिस्थितियां भी सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं. आज वे जमशेदपुरवासियों को ऑथेंटिक पंजाबी पहनावे से जोड़ने का काम कर रहे हैं और युवाओं के लिए मिसाल बने हुए हैं.
About the Author
7 वर्षों से पत्रकारिता में अग्रसर. इलाहबाद विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन जर्नालिस्म की पढ़ाई. अमर उजाला, दैनिक जागरण और सहारा समय संस्थान में बतौर रिपोर्टर, उपसंपादक औऱ ब्यूरो चीफ दायित्व का अनुभव. खेल, कला-साह…और पढ़ें

