औरंगाबाद में दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा को सम्मानित किया। सोमवार देर शाम अस्पताल परिसर में सम्मान समारोह हुआ। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह और डॉ. अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में चिकित्सकों ने बबन बैठा को शॉल, पुष्पगुच्छ और देव सूर्य मंदिर की प्रतीक माला पहनाई। डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि तीनों पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में पुलिस की भूमिका रही। चिकित्सकों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर में शांति बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती होती है। पुलिसकर्मियों ने थानाध्यक्ष के नेतृत्व में सतर्कता के साथ काम किया। उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह और डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पर्वों के दौरान बबन बैठा सदर अस्पताल की सुरक्षा पर नजर रखते थे। आपात स्थिति में थानाध्यक्ष और थाने के अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचते थे। उन्होंने कहा कि त्योहारों में अस्पताल में मरीजों की आवाजाही के साथ सड़क हादसों और अन्य आपात मामलों की आशंका रहती है। पुलिस की मौजूदगी से चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी बिना डर के अपना काम कर सके। चिकित्सकों ने कहा कि आपात स्थिति में लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच अच्छा तालमेल जरूरी है।
Source link

