धौलपुर जिले में कौलारी थाना पुलिस ने फाइनेंस कर्मी से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में 16 हजार रुपए नकद, 2 बाइक और 1 मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
कौलारी थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने निधेरा कलां निवासी प्रवीण (23) और सूरज (25) को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार यह घटना 4 जून को हुई थी। फाइनेंस कर्मी रघुराज सिंह गांवों से ऋण की किश्तें एकत्र कर बहरावती की ओर जा रहे थे। दलेलपुर के पास शौच के लिए रुकने पर तीन बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया, जिसमें लगभग 49,200 रुपए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। प्लानिंग से की थी लूट की वारदात
जांच में सामने आया कि आरोपी सूरज ने फाइनेंस कर्मी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी थी। उसने रघुराज सिंह की बाइक की फोटो और लोकेशन अपने साथी प्रवीण को भेजी थी। इसके बाद आरोपियों ने पीछा कर सुनियोजित तरीके से लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक नंबर के जरिए पकड़े बदमाश
घटनास्थल के पास पशु चरा रहे एक व्यक्ति ने आरोपियों की बाइक का नंबर नोट कर लिया था, जिससे पुलिस को उन तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस ने पहले सूरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद मुख्य आरोपी प्रवीण को गिरफ्तार किया गया। प्रवीण के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक और 16 हजार रुपए बरामद हुए हैं। सूरज की बाइक भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस अब शेष आरोपियों और लूटी गई बाकी राशि की तलाश में जुटी हुई है। इस पूरी कार्रवाई में कौलारी थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link

