Last Updated:
Senior Citizen card : क्या आपको पता है कि सरकारी वेबसाइट से बनने वाला सीनियर सिटीजन कार्ड आपके माता-पिता को कई तरह की सुविधाएं दिला सकता है. साथ ही हर महीने हजारों रुपये की बचत भी करा सकता है. यह कार्ड घर बैठे ऑनलाइन अप्लाई किया जा सकता है और इसकी फीस महज 10 रुपये होती है.
वरिष्ठ नागरिक कार्ड के जरिये ट्रेन और हवाई जहाज की टिकट में छूट मिलती है.
नई दिल्ली. सरकार की कई ऐसी योजनाएं हैं, जिसके बारे में ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं है. ऐसी ही एक सुविधा मिलती है सीनियर सिटीजन कार्ड (Senior Citizen card) से. वैसे तो इस कार्ड को बनवाने में सिर्फ 10 रुपये का खर्चा आता है लेकिन इसके फायदे हजारों रुपये से भी ज्यादा हैं. इस कार्ड को 60 साल से ऊपर का कोई भी नागरिक बनवा सकता है, चाहे महिला हो या पुरुष. इस कार्ड के जरिये रेल, बस, बैंक, अस्पताल सहित तमाम तरह की सुविधाएं आसानी से ली जा सकती हैं.
सीनियर सिटीजन कार्ड एक तरह का पहचान पत्र होता है, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों की पूरी डिटेल होती है. इस कार्ड के जरिये तमाम तरह की सुविधाएं दी जाती हैं. इस कार्ड का इस्तेमाल कई तरह की सरकारी योजनाओं में भी किया जाता है. इतना ही नहीं, कई प्राइवेट योजनाओं में भी इस कार्ड का इस्तेमाल कर सुविधाएं प्राप्त की जा सकती हैं. कार्ड में वरिष्ठ नागरिक का ब्लड ग्रुप, इमरजेंसी संपर्क नंबर, एलर्जी सहित अन्य मेडिकल से जुड़ी डिटेल भी इसमें शामिल होती है.
क्या है कार्ड बनवाने की प्रक्रिया
वरिष्ठ नागरिक कार्ड को राज्य स्तर पर बनवाया जाता है. इसके लिए राज्य सरकार की वेबसाइट से ऑनलाइन अप्लाई करना होता है. अप्लीकेशन के साथ आपको कुछ डॉक्यूमेंट भी लगाने होंगे, जो इसके वेरिफिकेशन के काम आते हैं. साथ ही उम्र के दस्तावेज, पासपोर्ट, पैन कार्ड और स्कूल सर्टिफिकेट भी जमा कराया जा सकता है. उम्र का प्रूफ देने के साथ ही आपको निवास प्रमाण पत्र के रूप में राशन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी कार्ड, बिजली बिल या टेलीफोन का बिल देना पड़ सकता है. यह डॉक्यूमेंट आवेदक के नाम पर ही होना चाहिए. अप्लीकेशन के साथ ही आपको ब्लड रिपोर्ट, मेडिकल जानकारी और एलर्जी की रिपोर्ट भी देनी होगी.
कैसे और कहां करें अप्लाई
अगर आप सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाना चाहते हैं तो अपने राज्य की वेबसाइट से अप्लाई करना होगा. जैसे अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो www.delhipolice.nic.in/seniorcitizen की वेबसाइट पर जाकर अप्लाई करना होगा. अप्लाई करने के बाद इसका प्रिंटआउट निकाल लीजिए और उस पर दो फोटोग्राफ व पते की कॉपी और उम्र के प्रमाण पत्र के साथ जमा कराना होगा. रजिस्ट्रेशन प्रोसेस के लिए ऊपर बताए गए डॉक्यूमेंट लगाने होते हैं और वेरिफिकेशन होने के बाद वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनकर आ जाता है.
फायदों की लंबी फेहरिस्त
- ट्रेन में महिलाओं को 50 फीसदी तो पुरुषों को 40 फीसदी तक छूट और लोअर बर्थ की प्राथमिकता.
- हवाई टिकट पर भी 25 से लेकर 50 फीसदी तक छूट मिलती है.
- सड़क मार्ग से यात्रा पर बसों में भी रियायती पास मिलता है.
- वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरकारी अस्पतालों में अलग काउंटर होता है और कम कीमत पर इलाज की सुविधा भी.
- वरिष्ठ नागरिक कार्ड होने पर सरकारी अस्पतालों में सुनने की मशीन मुफ्त दी जाती है.
- वरिष्ठ नागरिक कार्ड लगाने पर एफडी जैसे विकल्पों में निवेश करने वालों को 0.50 फीसदी ज्यादा ब्याज भी मिलता है.
- वरिष्ठ नागरिकों को इनकम टैक्स में भी ज्यादा छूट का प्रावधान है. उन्हें 80डी के तहत मेडिकल इंश्योरेंस के प्रीमियम पर भी ज्यादा टैक्स छूट मिलती है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें

