Thursday, October 29, 2026
Homeराज्यराजस्तानरामभजनों की गूंज, छोटू सिंह की लोकधुनों पर झूमे दर्शक: उदयपुर...

रामभजनों की गूंज, छोटू सिंह की लोकधुनों पर झूमे दर्शक: उदयपुर में दीपावली मेले का आगाज, छोटू सिंह रावणा ने बांधा समां, अनामिका अम्बर के भजनों से भक्तिमय हुआ मेला – Udaipur News




उदयपुर नगर निगम के दीपावली मेले का बुधवार रात को रंगारंग आगाज हुआ। टाउनहॉल परिसर में सजे मेले में पहले ही दिन भक्ति और लोक संस्कृति का संगम देखने को मिला। भजन गायिका अनामिका अम्बर के रामभजनों ने माहौल भक्तिमय कर दिया, वहीं राजस्थानी लोक गायक छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे। मेले में मनोरंजन के लिए 15 छोटे-बड़े झूले लगाए गए हैं और करीब 300 दुकानों पर खानपान, कपड़े, जूते, घरेलू सजावटी सामान सहित विभिन्न राज्यों की कलात्मक वस्तुएं उपलब्ध हैं। मेले का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों और संतों की मौजूदगी में भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। नगर निगम ने इस बार भी मेले को 15 दिन तक आयोजित करने की व्यवस्था की है। 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि मेला 11 नवंबर तक जारी रहेगा। अनामिका अम्बर ने भगवान श्रीराम की महिमा से जुड़े भजन प्रस्तुत किए। उनके भजनों पर पांडाल तालियों से गूंज उठा। रामभक्ति से जुड़े गीतों ने श्रोताओं को भावविभोर किया। वहीं छोटू सिंह रावणा ने राजस्थानी लोकगीतों और भजनों से समां बांधा। उनकी प्रस्तुतियों में राजस्थान की लोक संस्कृति, परंपरा और भक्ति की झलक देखने को मिली। स्वागत करते हुए नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि दीपावली मेला शहरवासियों के साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़ने का अवसर देता है। निगम की ओर से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और नए शामिल क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाएगा। जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने मेले के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। महामंडलेश्वर रासबिहारी शरण ने भी मेले को भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम बताया। मेले के अवसर पर टाउनहॉल भवन को विद्युत सज्जा से सजाया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच तैयार किया गया है और दर्शकों की सुविधा के लिए एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद चुनीलाल गरासिया, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा, भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, कांग्रेस शहर अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, पूर्व सभापति युधिष्ठिर कुमावत, रविन्द्र श्रीमाली, पूर्व महापौर रजनी डांगी, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना व देवीलाल सालवी, आदि ने विघ्न विनाशक भगवान गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। 29 को राजस्थानी लोक संगीत की प्रस्तुतियां गुरुवार को सांस्कृतिक संध्या में रेपरिया बालम बैंड और फकीरा खान फोक बैंड की प्रस्तुतियां होंगी। दोनों बैंड राजस्थानी लोकधुनों और पारंपरिक संगीत के माध्यम से दर्शकों को लोक संस्कृति से रूबरू करवाएंगे। नगर निगम ने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments