राजधानी के सोडाला थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात गद्दे की एक दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रावलजी का बांदा स्थित औलिया मस्जिद के सामने तीन मंजिला भवन में संचालित गद्दे की दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल की कई गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते बेसमेंट में रह रहे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10:30 बजे अनवर हुसैन और पप्पू भाई की गद्दे की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गद्दों सहित ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भवन के बेसमेंट में रह रहे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और सोडाला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई से तीन घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आसपास की दुकानों को भी एहतियातन खाली करा दिया, ताकि आग अन्य प्रतिष्ठानों तक न फैल सके। घटना के दौरान मौके पर 500 से 800 लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ के कारण राहत एवं बचाव कार्य में बाधा आने लगी, जिस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को पीछे हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। देर रात तक पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही सामने आएगा।
Source link

