बक्सर के सिकरौल थाना क्षेत्र के भखवा गांव में छह एकड़ जमीन के विवाद में गोलीबारी हुई। इस घटना में संजय चौबे नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बक्सर सदर अस्पताल में चल रहा है।
.
मृतक की पहचान भखवा गांव निवासी संजय चौबे के रूप में हुई है। घायलों में धनंजय चौबे (45 वर्ष, पिता शिवशंकर चौबे), दरोगा चौबे (65 वर्ष, पिता स्व. काशी नाथ चौबे), मोहन चौबे (30 वर्ष, पिता स्व. भोला नाथ चौबे) और अभिजीत कुमार (16 वर्ष, पिता जगरनाथ चौबे) शामिल हैं। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल में घायल से पूछताछ करती पुलिस।
यह विवाद भखवा गांव में काशी नाथ चौबे, कन्हैया चौबे और गणेश चौबे के बीच करीब छह एकड़ भूमि को लेकर 35 साल से चला आ रहा है। वर्ष 1991 में इसी जमीन विवाद में कन्हैया चौबे और गणेश चौबे ने काशी नाथ चौबे की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
उस मामले में दोनों आरोपियों को न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। हाल ही में, दोनों आरोपी हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा होकर गांव लौटे थे।
जुताई के लिए खेत में पहुंचे पक्ष के साथ गोलीबारी
सोमवार को, एक पक्ष कोर्ट से जमीन की डिग्री मिलने के बाद जुताई के लिए खेत में पहुंचा था। इसी दौरान, पूर्व हत्या के आरोपी कन्हैया चौबे और गणेश चौबे अपने 20-25 समर्थकों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से मौके पर पहुंचे और गोलीबारी शुरू कर दी। गोली लगने से संजय चौबे की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
गोलीबारी के अलावा, अन्य लोगों को लाठी-डंडों से भी पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतक के भाई धनंजय चौबे ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सदर अस्पताल में उन्होंने कहा कि घटना से पहले कई बार पुलिस को फोन किया गया, लेकिन कोई भी समय पर नहीं पहुंचा। यदि पुलिस समय पर आती तो शायद उनके भाई की जान बच सकती थी।
घायलों का बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही
उन्होंने इसे सुशासन की विफलता बताया।वहीं, सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचे नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायलों का फर्द बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

