Thursday, May 7, 2026
Homeराज्यबिहारखगड़िया में मिनी गन फैक्ट्री पकड़ी गई: मौके से 6 गिरफ्तार,...

खगड़िया में मिनी गन फैक्ट्री पकड़ी गई: मौके से 6 गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार-उपकरण मिले, पेशेवर तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते – Khagaria News




खगड़िया पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। चौथम थाना क्षेत्र के गुलेरिया गांव में एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अर्द्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस, मैगजीन और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। खगड़िया के पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप मिला
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध आग्नेयास्त्रों के निर्माण और तस्करी के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौथम थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, गुलेरिया गांव निवासी मो. अहमद के घर में अवैध हथियार बनाए जा रहे थे और मुंगेर जिले के कुछ लोग भी इस धंधे में शामिल थे। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान, पुलिस ने मौके पर अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप पाया। पुलिस ने 21 अर्द्धनिर्मित लोहे के बैरल, 21 अर्द्धनिर्मित मुट्ठी बॉडी, एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, दो मिसफायर गोली, तीन खोखा और एक मैगजीन बरामद की। इसके अतिरिक्त, हथियार निर्माण में प्रयुक्त होने वाले 22 फायरिंग स्प्रिंग, 30 हेमर, 30 ट्रिगर, 23 रिपीट रॉड, पांच पीतल की छड़, 16 रेती, 29 छोटे-बड़े छेनी, 27 गिरमिट, 14 साइड क्लिप, दो हथौड़ी, एक आरी और अन्य कई उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री से संकेत मिलता है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि तैयार हथियारों की आपूर्ति आसपास के जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी की जा सकती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क के आर्थिक और आपराधिक संबंधों की गहनता से जांच कर रही है। पेशेवर हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते
पुलिस ने इस मामले में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में चौथम थाना क्षेत्र के गुलेरिया निवासी मो. इब्राहिम, मुंगेर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरधा निवासी मो. सोहराव, बरवा निवासी मो. फईम, पुरव सराय निवासी संजय लोहार उर्फ संजय शर्मा, नुजहत खातून एवं नुसरत खातून शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में कुछ लोग पहले से भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। मो. इब्राहिम के खिलाफ वर्ष 2022 में सलखुआ थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। वहीं संजय लोहार उर्फ संजय शर्मा पर मुंगेर जिले के पुरव सराय थाना में वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया जा चुका है। इससे यह स्पष्ट होता है कि गिरफ्तार लोग पेशेवर हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। मुंगेर कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
पूरे मामले में मुंगेर कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस और सतर्क हो गई है। बिहार में मुंगेर लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण के लिए चर्चित रहा है। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार अभियुक्त किन-किन लोगों के संपर्क में थे और हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के जरिए पूरे गिरोह की परतें खोलने का प्रयास कर रही है। आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में चौथम थाना कांड संख्या 143/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं 25(1-B)a, 25(1-AA), 28(1)(ii)(iii) एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। छापेमारी दल में ये अधिकारी शामिल रहे
इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 मुकुल रंजन के नेतृत्व में चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार, एसआई संटू कुमार, एसआई सोनू कुमार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक प्रधान भारती, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार, अनिल कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को जिले में अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments