रामपुर के मिलक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अब्दुल्लापुर में पुरानी रंजिश के चलते एक घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता रजनी पत्नी संजू ने मिलक कोतवाली में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार, यह घटना 15 मई 2026 की रात करीब नौ बजे हुई। मोहल्ला अब्दुल्लापुर निवासी रामखिलाड़ी पुत्र सोमनाथ, श्याम पुत्र सोमनाथ, अर्जुन उर्फ गेहूं पुत्र सोमनाथ, समयदीन, अभय पुत्र रामखिलाड़ी और रितिक सहित कई लोग दो गाड़ियों में सवार होकर पीड़िता के घर पहुंचे। आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण वे घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने घर के दरवाजे और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, घर के बाहर खड़ी दो कारों पर ईंट मारकर उनके शीशे तोड़ दिए गए, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। जब पीड़िता के देवर रजनीश ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट में रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के पति ने रविवार दोपहर जिला अस्पताल में घटना का वीडियो देते हुए आरोप लगाया कि आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ी से करीब 40 हजार रुपये भी निकाल लिए। पीड़िता ने मामले से जुड़े फोटो और वीडियो होने का दावा करते हुए पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कही है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दबंगों ने पुरानी रंजिश में घर में तोड़फोड़ की: रामपुर में मारपीट कर कारें तोड़ीं, 40 हजार रुपए चोरी का आरोप – Rampur News
RELATED ARTICLES

