Saturday, May 23, 2026
Homeदेशरद्द हुई परीक्षा की फीस वापस कर रहा NTA, यहां करें अप्लाई,...

रद्द हुई परीक्षा की फीस वापस कर रहा NTA, यहां करें अप्लाई, चूक गए तो अटक जाएगा पैसा


Last Updated:

NEET UG 2026 Fee Refund: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद एनटीए ने फीस रिफंड का लिंक एक्टिव कर दिया है. 3 मई वाली परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार 27 मई तक neet.nta.nic.in पर अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट कर पैसे वापस पा सकते हैं. सामान्य वर्ग को 1700 रुपये और SC/ST को 1000 रुपये वापस मिलेंगे. नीट यूजी री एग्जाम 21 जून को होगा.

Zoom

NEET UG 2026 Fee Refund: नीट यूजी परीक्षा फॉर्म की फीस रिफंड की जा रही है

नई दिल्ली (NEET UG 2026 Fee Refund). नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नीट यूजी 2026 के अभ्यर्थियों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण नोटिफिकेशन जारी किया है. नीट पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई इस परीक्षा की फीस वापसी के लिए एनटीए ने शुक्रवार देर रात ऑफिशियल वेबसाइट पर लिंक एक्टिव कर दिया है. जो उम्मीदवार अपनी एप्लीकेशन फीस वापस पाना चाहते हैं, वे अब सीधे neet.nta.nic.in पर जाकर अपने बैंक खाते की जानकारी ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं.

एनटीए ने साफ किया है कि बैंक डिटेल्स अपडेट करने की यह विंडो केवल 22 मई से 27 मई, 2026 (रात 11:50 बजे तक) ही खुली रहेगी. इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को डेटा सुधारने का मौका नहीं मिलेगा. यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि कई उम्मीदवारों ने नीट यूजी 2026 फॉर्म साइबर कैफे या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से भरे थे, जिससे रिफंड का पैसा उनके खातों में जाने का डर था. अब उम्मीदवार खुद के या अपने माता-पिता के खाते में सीधे पैसे मंगवा सकते हैं.

साइबर कैफे वालों के खाते में नहीं जाएगा पैसा

अक्सर देखा जाता है कि उम्मीदवार प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म खुद न भरकर किसी साइबर कैफे या कंप्यूटर सेंटर पर जाकर भरवाते हैं. ऐसे में फीस का भुगतान भी उसी कैफे संचालक के डेबिट या क्रेडिट कार्ड से हो जाता है. एनटीए ने इस पेंच को समझते हुए कहा है कि अगर वह सीधे रिफंड जारी करती तो सारा पैसा डिफॉल्ट रूप से उन्हीं साइबर कैफे वालों के बैंक खातों में चला जाता. उम्मीदवारों को इस नुकसान से बचाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ही खास ‘रिफंड पोर्टल’ को एक्टिव किया गया है.

कैटेगरी के हिसाब से कितना मिलेगा रिफंड?

NTA की गाइडलाइन के मुताबिक, उम्मीदवारों को उनकी कैटेगरी के अनुसार पूरी फीस रिफंड की जा रही है. इसकी सूची इस प्रकार है:

  • सामान्य वर्ग: ₹1,700
  • ओबीसी और ईडब्ल्यूएस: ₹1,600
  • एसटी, एससी और दिव्यांग: ₹1,000

जरूर भरें ये 4 डिटेल्स

जब उम्मीदवार नीट यूजी रिफंड लिंक पर क्लिक करके लॉगइन करेंगे तो उन्हें अपने बैंक खाते से जुड़ी 4 मुख्य जानकारियां बेहद सावधानी से भरनी होंगी. इनमें अकाउंट होल्डर (खाताधारक) का नाम, बैंक का नाम, अकाउंट नंबर और बैंक शाखा का आईएफएससी (IFSC) कोड शामिल है. NTA ने यह भी कहा है कि उम्मीदवार चाहें तो सुरक्षा और सटीकता के लिए अपने कैंसिल्ड चेक या पासबुक के फ्रंट पेज की स्कैन कॉपी भी अपलोड कर सकते हैं. हालांकि, चेक अपलोड करना पूरी तरह से वैकल्पिक है, अनिवार्य नहीं.

21 जून को होने वाले री-एग्जाम की तैयारी तेज

एक तरफ जहां फीस रिफंड की प्रक्रिया चल रही है, वहीं दूसरी तरफ NTA दोबारा परीक्षा कराने की तैयारियों में जुट गई है. नीट यूजी 2026 की री-परीक्षा 21 जून, 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा पहले की तरह ही ऑफलाइन यानी पेन-एंड-पेपर मोड में होगी. जिन छात्रों ने इस परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, उन्हें दोबारा कोई फीस नहीं देनी होगी. जून के दूसरे हफ्ते में सभी अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से फ्रेश एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे.

About the Author

authorimg

Deepali PorwalSenior Sub Editor

Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments