नई दिल्ली से दरभंगा आने वाले यात्रियों को आज परेशानी का सामना करना पड़ा। स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG495 को अचानक रद्द कर दिया गया। फ्लाइट के रद्द होने की सूचना मिलने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों ने नाराजगी जताई और एयरलाइन प्रबंधन पर लापरवाही
.
स्पाइसजेट की यह उड़ान शनिवार दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर दिल्ली से दरभंगा के लिए रवाना होने वाली थी। निर्धारित समय पर बोर्डिंग और उड़ान को लेकर यात्रियों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। काफी देर तक इंतजार कराने के बाद एयरलाइन की ओर से फ्लाइट रद्द किए जाने की सूचना दी गई, जिससे यात्रियों में आक्रोश फैल गया।
यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन कर्मचारियों ने उन्हें समय पर स्थिति की जानकारी नहीं दी। फ्लाइट के लगातार देरी होने के बावजूद न तो कोई आधिकारिक घोषणा की गई और न ही यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में स्पष्ट रूप से बताया गया। कई यात्रियों ने कहा कि वे घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे, जिससे उन्हें मानसिक तनाव के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
यात्री और एयरलाइन कंपनी के कर्मी के बीच बहस।
तकनीकी खराबी को कारण बताया
एयरलाइन कर्मचारियों ने फ्लाइट रद्द होने के पीछे तकनीकी खराबी को कारण बताया। हालांकि यात्रियों का कहना है कि यदि विमान में तकनीकी समस्या थी, तो इसकी जानकारी पहले दी जानी चाहिए थी, ताकि वे अन्य विकल्पों पर विचार कर सकते। यात्रियों ने एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बेहतर संचार व्यवस्था की मांग की।
अन्य उड़ानें सामान्य, केवल दिल्ली-दरभंगा सेवा प्रभावित
शनिवार को दरभंगा एयरपोर्ट पर संचालित सभी चार जोड़ी नियमित उड़ानें अपने निर्धारित समय से करीब 5 से 10 मिनट की मामूली देरी से पहुंचीं और रवाना हुईं। लेकिन दिल्ली-दरभंगा सेक्टर की स्पाइसजेट फ्लाइट SG495 के रद्द होने से बड़ी संख्या में यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई।
एक दिन पहले भी यात्रियों को झेलनी पड़ी थी परेशानी
बता दें कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी दरभंगा आने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। खराब मौसम के कारण कोलकाता से दरभंगा के लिए रवाना हुई इंडिगो उड़ान को आधे रास्ते से वापस कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया था। विमान के वापस लौटने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों ने नाराजगी जताई थी, जबकि दरभंगा एयरपोर्ट पर अपने परिजनों का इंतजार कर रहे लोगों को भी काफी असुविधा हुई थी।

यात्रियों ने हंगामा किया है।
लगातार दो दिनों में उड़ान संचालन से जुड़ी समस्याओं के सामने आने के बाद यात्रियों के बीच चिंता बढ़ गई है। यात्रियों का कहना है कि दरभंगा जैसे महत्वपूर्ण हवाई अड्डे से जुड़ी उड़ानों में बार-बार हो रही अव्यवस्था पर एयरलाइंस और संबंधित एजेंसियों को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
यात्रियों ने मांगी जवाबदेही
फ्लाइट रद्द होने से प्रभावित यात्रियों ने एयरलाइन से पारदर्शी सूचना व्यवस्था, समय पर अपडेट और वैकल्पिक यात्रा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अचानक उड़ान रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को असमंजस में छोड़ देना उचित नहीं है। फिलहाल एयरलाइन की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

