Sunday, May 31, 2026
HomeदेशFarming Tips: खीरा कड़वा क्यों हो जाता है? एक्सपर्ट ने बताया इसके...

Farming Tips: खीरा कड़वा क्यों हो जाता है? एक्सपर्ट ने बताया इसके पीछे का वैज्ञानिक कारण


गर्मियों के मौसम में खीरा खाना सभी को पसंद होता है. कभी-कभी इसका कड़वा स्वाद सारा मजा किरकिरा कर देता है. हालांकि, इसके पीछे असल वजह केमिकल होता है जो प्राकृतिक होता है. खीरे की खेती में ये केमिकल खुद ही उत्पन्न होता है. उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ कमलेश के मुताबिक खीरे में कड़वाहट का असली कारण ‘कुकरबिटासिन’ नामक एक खास यौगिक है. लेकिन सही किस्म के बीजों का चुनाव, संतुलित सिंचाई और तुड़ाई के सही समय का ध्यान रखकर आप कड़वाहट-मुक्त और मीठे खीरे प्राप्त कर सकते हैं.

आइए जानते हैं खीरे की खेती और उसे इस्तेमाल करने के वो खास तरीके, जो कड़वाहट को जड़ से खत्म कर देंगे.नौगांव कृषि विज्ञान केंद्र में पदस्थ डॉ कमलेश अहिरवार बताते हैं कि खीरे में कड़वाहट का होना फिजियोलॉजी डिसओर्डर है. किसान भाई खीरे को अगर समय से नहीं लगा पाते हैं तो खीरा में कड़वापन का असर होता है. इसे किसान भाई पहचान भी नहीं पाते हैं. साथ ही कई बार पानी और तापमान की वज़ह से भी खीरे में कड़वापन हो जाता है.

खीरे में कड़वापन प्राकृतिक
हालांकि, खीरे में कड़वाहट का मुख्य वैज्ञानिक कारण ‘कुकरबिटासिन’ (Cucurbitacin) नामक यौगिक है. यह तत्व मुख्य रूप से छिलके और डंठल वाले हिस्से में पाया जाता है. जब पौधा सूखे, अत्यधिक गर्मी या पोषक तत्वों की कमी जैसे ‘तनाव’ से गुजरता है, तो फल में इसकी मात्रा बढ़ जाती है. इसलिए फसल को प्रतिकूल परिस्थितियों से बचाना कड़वाहट कम करने का सबसे प्राथमिक कदम है.डॉ कमलेश बताते हैं कि जैसे करेला कड़वा होता है, मिर्च तीखी होती है. टमाटर लाल होता है. इन सबके पीछे साइंटिफिक रीजन होता है. ये सब केमिकल की वज़ह से होता है.

समय से लगाएं खीरा
डॉ कमलेश बताते हैं कि खीरे को कड़वाहट से बचाने के लिए किसान भाई इसे समय से लगाएं ताकि खीरा फल को में कड़वाहट से बचाया जा सके. इसलिए खीरे को 20 फरवरी से लेकर मार्च के महीने के बीच ही लगा देना चाहिए. खीरे को समय से लगा देने पर खीरे में पानी और तापमान का असर नहीं दिखाई देता है. समय पर खीरा लगाने से अनुकूल वातावरण बना रहता है. वहीं अगर खीरे को देरी से या बहुत पहले लगा दिया जाता है तो इसमें प्राकृतिक कड़वापन होने की संभावना बढ़ जाती है.

उन्नत बीजों का करें चयन 
डॉ कमलेश बताते हैं कि खेती की शुरुआत में ही हाइब्रिड या कड़वाहट-मुक्त (Bitter-free) किस्मों का चुनाव करना चाहिए. आजकल बाजार में ऐसी उन्नत किस्में उपलब्ध हैं जिनमें आनुवंशिक रूप से कुकरबिटासिन बनाने की क्षमता कम होती है. किसान हमेशा प्रमाणित बीजों का ही प्रयोग करें, क्योंकि सही बीज न केवल स्वाद बेहतर रखते हैं, बल्कि पैदावार भी कई गुना बढ़ा देते हैं.

सिंचाई का रखें विशेष ध्यान
डॉ कमलेश बताते हैं कि खीरे में 90% से अधिक पानी होता है, इसलिए सिंचाई में अनियमितता सीधे कड़वाहट को बढ़ावा देती है. अगर मिट्टी बहुत अधिक सूख जाए और फिर अचानक भारी सिंचाई की जाए, तो पौधे तनाव में आ जाते हैं. ड्रिप इरिगेशन या हल्की और नियमित सिंचाई से मिट्टी में नमी का स्तर बना रहता है, जिससे कुकरबिटासिन का निर्माण कम होता है और फल रसीले व मीठे प्राप्त होते हैं.

तेज धूप से बचाएं 
डॉ कमलेश आगे बताते हैं कि अत्यधिक गर्मी और तेज धूप भी खीरे को कड़वा बना सकती है. खेती के दौरान मल्चिंग तकनीक का उपयोग जमीन के तापमान को नियंत्रित रखता है और नमी को उड़ने से रोकता है. इसके अलावा, ऊंचे मचान पर खेती करना भी फायदेमंद है. इससे फल जमीन की गर्मी से दूर रहते हैं और हवा का संचार बेहतर होने से उनकी गुणवत्ता में काफी सुधार आता है.पौधों को नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटेशियम का संतुलित मिश्रण देना अनिवार्य है. नाइट्रोजन की अधिकता और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी से फलों का स्वाद बिगड़ सकता है. गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट का प्रयोग मिट्टी की संरचना को सुधारता है. संतुलित पोषण पौधे को इतना मजबूत बना देता है कि वह कड़वाहट पैदा करने वाले रसायनों को फल तक पहुंचने से रोकने में सक्षम हो जाता है.

समय से करें तुड़ाई 
खीरे की तुड़ाई हमेशा सही समय पर करनी चाहिए. जब फल बहुत अधिक पक जाते हैं या पीले पड़ने लगते हैं, तो उनमें कड़वाहट और बीजों के सख्त होने की संभावना बढ़ जाती है. सुबह के समय, जब तापमान कम हो, तब फलों की तुड़ाई करना सबसे अच्छा रहता है. छोटे और मध्यम आकार के खीरे स्वाद में अधिक मीठे और कुरकुरे होते हैं.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments