मुजफ़्फ़रनगर के भोपा रोड स्थित चर्चित इवान अस्पताल में करोड़ों रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। अस्पताल के CEO की शिकायत पर SSP के आदेश के बाद थाना नई मंडी पुलिस ने अस्पताल के तीन पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में दो वर्षों के दौरान एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के गबन और वित्तीय रिकॉर्ड में हेराफेरी का आरोप लगाया गया है। अस्पताल के सीईओ विजय कुमार जैन ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि आरोपी कर्मचारी वर्षों से संस्थान से जुड़े हुए थे। उन्हें नकद लेन-देन, बैंकिंग कार्य, कंप्यूटर संचालन और अन्य वित्तीय जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। आरोप है कि इसी विश्वास का दुरुपयोग करते हुए उन्होंने नकद पुस्तिका, बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजैक्शन और कंप्यूटर डेटा में कथित हेराफेरी कर बड़ी धनराशि का गबन किया। शिकायत में मुख्य आरोपी के रूप में अक्षय बंसल का नाम दर्ज कराया गया है। इसके अलावा जांच के दौरान तृप्ति गुप्ता और अमित गुप्ता की भूमिका भी सामने आने का दावा किया गया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पिछले दो वर्षों में एक करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता की आशंका है। उनका यह भी कहना है कि इतनी बड़ी हेराफेरी किसी एक व्यक्ति के लिए संभव नहीं थी और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच होनी चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर थाना नई मंडी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब बैंक रिकॉर्ड, नकद लेन-देन, कंप्यूटर डेटा और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच के अधीन है। शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। वहीं, जिन पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, उनका पक्ष अभी सामने नहीं आया है।
Source link
इवान अस्पताल में करोड़ों का गबन, मुकदमा दर्ज: 2 साल में 1 करोड़ से ज्यादा की गड़बड़ी, बैंक रिकॉर्ड और कंप्यूटर डेटा खंगाल रही पुलिस – Muzaffarnagar News
RELATED ARTICLES

