नागौर में पुलिस विभाग में निरीक्षकों, उप निरीक्षकों और सैकड़ों कांस्टेबलों के तबादले किए गए हैं, जबकि राजस्व विभाग की सूची में सामने आई एक बड़ी प्रशासनिक चूक चर्चा का विषय बन गई है। एक ही नायब तहसीलदार का दो अलग-अलग स्थानों पर तबादला आदेश जारी होने से विभागीय अधिकारियों और संबंधित कार्मिक के सामने असमंजस की स्थिति बन गई है। एक नायब तहसीलदार के दो तबादले राजस्व मंडल की ओर से जारी तबादला सूची में चूक भी सामने आई है। एसडीएम कार्यालय किशनगढ़ में कार्यरत नायब तहसीलदार प्रेमसुख वैष्णव का एक ही आदेश में परबतसर और कुचामन दोनों स्थानों पर तबादला दर्शाया गया है। एक ही अधिकारी के दो अलग-अलग स्थानों पर तबादला आदेश जारी होने से विभाग में भ्रम की स्थिति बन गई है और यह मामला प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस विभाग में फेरबदल जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी दो अलग-अलग आदेशों में 16 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) और 17 उप निरीक्षकों (एसआई) का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है। इससे पहले जिले में 251 कांस्टेबलों के भी तबादले किए जा चुके हैं। आदेश के अनुसार छोटीलाल मीणा को सुरपालिया, राजेश कुमार को मूंडवा, राकेश कुमार को पादूकलां, मनीष गुप्ता को महिला थाना, तुलसीराम को मेड़ता रोड, राजेश कुमार मीणा को मेड़ता सिटी, इमरत सिंह को साइबर थाना नागौर तथा रघुवीर सिंह को खाटू थानाधिकारी लगाया गया है। वहीं सुरेश बिजारणियां को मूंडवा से खींवसर, सुमन चौधरी को सुरपालिया से सदर नागौर, दिलीप सहल को खाटू से जायल, हरीश सांखला को डेगाना से श्रीबालाजी और विमला को महिला थाना नागौर से भावंडा थानाधिकारी बनाया गया है। रामनारायण भंवरिया और ओमप्रकाश गौरा को पुलिस लाइन भेजा गया है। नागौर कोतवाल का पद फिलहाल खाली तबादलों के बाद नागौर शहर कोतवाली के थानाधिकारी का पद फिलहाल रिक्त हो गया है। यहां महावीर प्रसाद मीणा की नियुक्ति प्रस्तावित थी, लेकिन उनकी रेंज कोटा होने के कारण फिलहाल उनकी पदस्थापना नहीं हो सकी। वहीं पूर्व कोतवाल वेदपाल शिवरान का तबादला बीकानेर रेंज कर दिया गया है। ऐसे में शहर कोतवाली को नए थानाधिकारी का इंतजार रहेगा।
Source link

