Sunday, August 16, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशबस के नीचे बाइक आने पर ड्राइवर से रुपए मांगे: वीडियो...

बस के नीचे बाइक आने पर ड्राइवर से रुपए मांगे: वीडियो दिखाकर बोला- मेरी गलती नहीं; ट्रैक्टर-बस के बीच अचानक घुसा था बाइक सवार – Kannauj News


विकास अवस्थी | कन्नौज1 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कन्नौज में सरायमीरा में 12 अगस्त को बजरिया के पास रोडवेज बस के नीचे बाइक आने के मामले में नया मोड़ आ गया है। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त होने के साथ युवक घायल हुआ था।

इसके बाद बस ड्राइवर पर युवक के इलाज और बाइक की मरम्मत के लिए रुपए देने का दबाव बनाने और कार्रवाई की धमकी देने का आरोप है। शनिवार 4 बजे रोडवेज बस के संविदा ड्राइवर अमित कुमार ने घटनास्थल का सीसीटीवी वीडियो वायरल किया है। ड्राइवर का दावा है कि हादसे में उसकी कोई गलती नहीं थी।

बस के नीचे आई बाइक, युवक ने कूदकर बचाई जान

12 अगस्त को कन्नौज डिपो की बस सरायमीरा में बजरिया के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान लुधपुरी मोहल्ला निवासी विक्की वाल्मीकि की बाइक बस के नीचे आ गई। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि युवक ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। हादसे में उसे चोटें भी आईं।

बस पुलिस ने कब्जे में ली

घटना के बाद पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर मंडी समिति में खड़ा करा दिया। आरोप है कि इसके बाद बस ड्राइवर से युवक के इलाज और बाइक की मरम्मत के लिए रुपए देने की मांग की जा रही थी। रुपए नहीं देने पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई।

दुकान के CCTV में रिकॉर्ड हुआ हादसा

छिबरामऊ क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी रोडवेज के संविदा चालक अमित कुमार ने हादसे की स्थिति स्पष्ट करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तलाश की। उन्हें पास की एक दुकान के कैमरे में हादसे का वीडियो मिल गया। इसके बाद उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

ड्राइवर बोला- ट्रैक्टर और बस के बीच अचानक घुसी बाइक

अमित कुमार का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बस के आगे एक ट्रैक्टर चल रहा था। इसके कारण बस धीमी गति से चल रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक अचानक ट्रैक्टर और बस के बीच आ गया। बाइक के स्लिप होने के बाद वह बस के नीचे चली गई। ड्राइवर का कहना है कि इस पूरी घटना में उसकी कोई गलती नहीं है।

पुलिस से बातचीत में वीडियो सामने रखेंगे

ड्राइवर अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने उन्हें मामले में बातचीत के लिए कन्नौज बुलाया है। वह पुलिस के सामने सीसीटीवी फुटेज रखेंगे। उनका कहना है कि जब हादसे में उनकी गलती नहीं है तो वह किसी तरह के रुपए नहीं देंगे और न ही उनके खिलाफ कार्रवाई बनती है। फिलहाल हादसे का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments