Thursday, November 26, 2026
Homeबिज़नेसमहज 3 महीने में डबल किया पैसा, अब बड़ी डील से फोकस...

महज 3 महीने में डबल किया पैसा, अब बड़ी डील से फोकस में ये शेयर


Last Updated:

Multibagger Share : क्लीन मैक्स एनर्जी इस साल मार्च में ही शेयर बाजार में लिस्‍ट हुई थी. इस शेयर ने बाजार में 9 फीसदी प्रीमियम के साथ बाजार में एंट्री मारी. इसका आईपीओ प्राइस 1053 रुपये थे. एक बार यह टूटकर 728 रुपये पर आ गया. लेकिन, पिछले तीन महीनों में यह 110 फीसदी चढ गया है.

Zoom

इस मल्‍टीबैगर शेयर ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है. (Image : AI)

नई दिल्‍ली. शेयर बाजार में कब कौन सा स्टॉक निवेशकों की किस्मत बदल दे, कहा नहीं जा सकता. ग्रीन एनर्जी सेक्टर की कंपनी क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस (Clean Max Enviro Energy Solutions) के शेयर ने भी महज 90 दिन में ही ऐसा मल्‍टीबैगर रिटर्न दिया है कि सबकी नजर इस पर ही टिक गई है. महज 3 महीने के भीतर ही इस मल्‍टीबैगर शेयर ने निवेशकों का पैसा दोगुना कर दिया है. अब क्‍लीन मैक्‍स एनवायरो शेयर फिर से सुर्खियों में है. इसकी वजह है कंपनी का गुजरात की एक दिग्गज केमिकल कंपनी के साथ बड़ी डील.

इस डील का असर कल यानी 25 नवंबर को बाजार खुलने पर शेयरों की चाल में देखने को मिल सकता है. खास बात यह है कि पिछले कारोबारी सत्र में जब सेंसेक्स और निफ्टी डेढ़-डेढ़ फीसदी से ज्यादा टूट गए थे, तब भी यह शेयर 1.78% की मजबूती के साथ ₹1,247.80 पर बंद हुआ था.

गुजरात की कंपनी के साथ क्या हुई है बड़ी डील?

क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस के बोर्ड ने 23 नवंबर को अपनी सब्सिडियरी कंपनी क्लीन मैक्स गंगोत्री प्राइवेट लिमिटेड में ₹214.49 करोड़ तक के निवेश को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही कंपनी ने इसमें अपनी 26% हिस्सेदारी गुजरात सरकार की दिग्गज कंपनी गुजरात एल्कलीज एंड केमिकल्स लिमिटेड (GACL) को बेचने का फैसला किया है. कंपनी ने 24 नवंबर को एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए इस डील की जानकारी साझा की है.

क्या है कंपनी का प्लान?

क्लीन मैक्स अपनी सब्सिडियरी गंगोत्री के इक्विटी शेयरों को एक या एक से अधिक किस्तों में सब्सक्राइब करके ₹214.49 करोड़ का निवेश करेगी. वहीं, 26% हिस्सेदारी यानी 2,600 शेयर गुजरात एल्कलीज एंड केमिकल्स को बेचे जाएंगे. यह पूरा सौदा 31 जनवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है. इस डील के बाद भी क्लीन मैक्स गंगोत्री में क्लीन मैक्स की 74% हिस्सेदारी बरकरार रहेगी. इस नए निवेश का इस्तेमाल गुजरात में विंड-सोलर हाइब्रिड और सोलर रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता के विस्तार व विकास के लिए किया जाएगा.

इसी साल बाजार में लिस्‍ट हुई कंपनी

क्लीन मैक्स के शेयर का अब तक का सफर किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं रहा है. कंपनी के ₹3,079.88 करोड़ के आईपीओ में निवेशकों को ₹1,053 के भाव पर शेयर अलॉट हुए थे. 2 मार्च 2026 को बाजार में लिस्टिंग के दिन 9% से ज्यादा प्रीमियम पर एंट्री लेने के बाद इसमें मुनाफावसूली हावी हुई और यह टूटकर ₹761.80 पर आ गया. कमजोरी यहीं नहीं रुकी और 30 मार्च 2026 को यह शेयर फिसलकर ₹728.00 के अपने रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया.

यहीं से इस स्टॉक ने फिर रफ्तार पकड़ी. महज तीन महीने के भीतर यह शेयर 110.55% की तूफानी छलांग लगाते हुए 24 जून 2026 को ₹1,532.80 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया. हालांकि, ऊपरी स्तरों से इसमें थोड़ी मुनाफावसूली आई है और फिलहाल यह अपने हाई से करीब 18% नीचे ट्रेड कर रहा है. लेकिन अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से यह अब भी निवेशकों को 71% से अधिक का शानदार मुनाफा दे रहा है.

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी शेयर के प्रदर्शन के आधार पर है. चूंकि स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिम के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से सलाह जरूर लें. आपको होने वाले किसी भी नुकसान के लिए News18 हिंदी जिम्मेदार नहीं होगा.)

About the Author

authorimg

रुली बिश्‍नोई

रुली बिश्‍नोई मीडिया इंडस्ट्री में 20 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं और बिजनेस वर्टिकल में काम करते हैं. यहां वे बिजनेस जगत के मुश्किल आंकड़ों …

और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments