आपको याद होगा बरसात के दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर कई जगह गड्ढा बन गया था. उन्नाव और अमरोहा में हाईवे का हिस्सा और किनारा धंसने की खबरें आई थीं.इन सबसे सबक लेते हुए केंद्र सरकार अब हाईवे का ठेका देने के रूल बदलने जा रही है. देश में हाईवे निर्माण की गुणवत्ता सुधारने और प्रोजेक्ट्स में देरी पर लगाम लगाने के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय EPC कॉन्ट्रैक्ट के नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है. मंत्रालय ने इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) कॉन्ट्रैक्ट के लिए जारी मॉडल रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) में व्यापक संशोधन का प्रस्ताव दिया है. मौजूदा नियम मार्च 2019 में जारी किए गए थे.
प्रस्तावित बदलावों का मकसद सिर्फ कम बोली लगाने वाली कंपनियों के बजाय बेहतर काम करने और समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने वाली कंपनियों को बढ़ावा देना है. इसके तहत कंपनियों की वित्तीय और तकनीकी क्षमता के साथ-साथ उनके पुराने और मौजूदा प्रोजेक्ट्स के प्रदर्शन को भी महत्व दिया जाएगा.
अब कंपनियों की परफॉर्मेंस से तय होगी ठेका लेने की क्षमता
नए प्रस्ताव के मुताबिक, किसी कंपनी की बोली लगाने की पात्रता यानी Bid Capacity उसके प्रदर्शन और चल रहे प्रोजेक्ट्स में देरी के आधार पर तय होगी. पहले इसके आकलन में कंपनी के सबसे बेहतर वित्तीय वर्ष के प्रदर्शन को आधार बनाया जाता था. अब मौजूदा प्रोजेक्ट्स में काम की रफ्तार और कंपनी की परफॉर्मेंस रेटिंग भी अहम होगी.
ज्वाइंट वेंचर के नियम होंगे सख्त
मंत्रालय ने ज्वाइंट वेंचर (JV) के नियमों में भी बदलाव का प्रस्ताव दिया है. अब एक प्रोजेक्ट के लिए अधिकतम तीन की जगह दो कंपनियां ही ज्वाइंट वेंचर बना सकेंगी. सामान्य तौर पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले प्रोजेक्ट्स में ही JV की अनुमति होगी. साथ ही JV की दूसरी कंपनी के लिए न्यूनतम हिस्सेदारी की शर्तें भी सख्त की जाएंगी.
पुल और सुरंग बनाने के लिए अनुभव जरूरी
बड़े पुलों, विशेष संरचनाओं और सुरंगों से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए अतिरिक्त तकनीकी पात्रता तय करने का प्रस्ताव है. यानी ऐसी परियोजनाओं का ठेका लेने वाली कंपनियों के पास संबंधित निर्माण कार्य का वास्तविक अनुभव होना जरूरी होगा.
कंपनी की रेटिंग के हिसाब से जमा करनी होगी सिक्योरिटी
प्रस्तावित नियमों में Performance Security को भी कंपनी की रेटिंग से जोड़ा गया है. इसके तहत कंपनियों को बोली की कीमत का 3 से 5 फीसदी तक परफॉर्मेंस सिक्योरिटी जमा करनी पड़ सकती है. सिक्योरिटी दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक तरीके से जमा करने का विकल्प भी दिया जाएगा.
कंपनियों को बतानी होगी मुकदमे और विवाद की जानकारी
मंत्रालय ने कंपनियों के खराब प्रदर्शन से जुड़े मानदंडों की संख्या 20 से घटाकर 7 करने का प्रस्ताव दिया है. इन मानदंडों के लिए स्पष्ट सीमा और मूल्यांकन की समय अवधि तय की जाएगी. प्रोजेक्ट में गंभीर तकनीकी विफलता, कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने, कंपनी को प्रतिबंधित करने और दिवालियापन जैसी स्थितियों से जुड़े प्रावधान भी मजबूत किए जाएंगे. पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कंपनियों को अपने खिलाफ चल रहे विवाद, मुकदमे, मध्यस्थता (Arbitration) और दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी देनी होगी. बोली प्रक्रिया के दौरान इस जानकारी को अपडेट रखना भी जरूरी होगा.
ठेका देने की प्रक्रिया में भी बदलाव
मौजूदा व्यवस्था में सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी के अयोग्य पाए जाने पर दूसरी और तीसरी सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनियों को क्रमवार काउंटर ऑफर देने का प्रावधान था. प्रस्तावित बदलाव में इस व्यवस्था को हटाने की बात कही गई है. अगर सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी पात्र नहीं पाई जाती है, तो प्राधिकरण पूरी बोली प्रक्रिया रद्द कर नए सिरे से टेंडर आमंत्रित कर सकेगा.
छह सेक्शन में बदलाव, नए फॉर्मेट भी होंगे शामिल
प्रस्तावित संशोधन में RFP के छह सेक्शन, 12 अपेंडिक्स और Appendix-IA के नौ एनेक्सर में बदलाव शामिल हैं. इसके अलावा तीन नए फॉर्मेट भी जोड़े जाएंगे. मंत्रालय का मानना है कि इन बदलावों से हाईवे निर्माण के क्षेत्र में सक्षम और बेहतर प्रदर्शन करने वाली कंपनियों को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही निर्माण की गुणवत्ता, जवाबदेही और टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता मजबूत होगी.

