- Hindi News
- National
- NEET 2026 LIVE | NEET Re Exam 2026 Update; Delhi Mumbai Jaipur Bhopal NTA Exam Centres Photos
नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
एग्जाम से एक दिन पहले शनिवार को देशभर में मॉकड्रिल की। एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर से पेपर सेंटर्स तक पहुंच गए।
देश भर में आज NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा होगी। इसमें 22.79 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स शामिल होंगे। पेन-पेपर मोड में हो रही परीक्षा के लिए 564 शहरों में 5400 से ज्यादा एग्जाम सेंटर्स बनाए गए हैं। इनमें भारत के 551 और विदेश के 12 शहर हैं।
NTA के मुताबिक, पूरे देश के एग्जाम सेंटरों पर 2 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। पेपर लीक रोकने के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया गया है।
एयरफोर्स ने 200 से ज्यादा उड़ानें भरकर NEET-UG के क्वेश्चन पेपर देशभर के अलग-अलग जोन तक पहुंचाए हैं। NEET-UG परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को NTA ने इसे रद्द कर दिया। मामले की जांच CBI कर रही है।
री-एग्जाम में स्टूडेंट्स को 15 मिनट ज्यादा मिलेंगे
NTA ने NEET-UG री-एग्जाम के नियमों में बदलाव किए हैं। परीक्षा का समय 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक (3 घंटे 15 मिनट) तक चलेगी। PwD और PwBD कैटेगरी के स्टूडेंट्स को अतिरिक्त समय देते हुए शाम 6:20 बजे तक एग्जाम लिखने की अनुमति होगी।

दिल्ली में फ्री ORS मिलेगा, एमपी में स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
- दिल्ली: राजधानी में 97 सेंटर हैं। छात्र को DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा आने और जाने के लिए मिलेगी। सेंटर्स के बाहर छात्रों के माता-पिता के लिए कूलिंग जोन बनाए जाएंगे, जहां ORS ड्रिंक्स, पीने का पानी और नींबू पानी मिलेगा।
- राजस्थान: राज्य में 25 जिलों के करीब 611 केंद्रों पर एग्जाम होगी। सभी केंद्रों और स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV कैमरे, सिग्नल जैमर और 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। SOG और इंटेलिजेंस एजेंसियां भी परीक्षा पर नजर रखेंगी। परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
- मध्य प्रदेश: राज्य के 30 शहरों में एग्जाम होंगे। रेलवे 20-21 जून को इंदौर, भोपाल और रतलाम को जोड़ने वाली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
- तमिलनाडु: राज्य में 1.4 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 31 जिलों में 307 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। चेन्नई में सबसे अधिक 43 केंद्र हैं।
- तेलंगाना: स्टूडेंट्स राज्य सरकार की RTC बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना NEET हॉल टिकट दिखाना होगा।
- महाराष्ट्र: मुंबई में सभी 1,820 लोकल ट्रेनें अपने पूरे शेड्यूल के साथ चलेंगी। सेंट्रल रेलवे के किसी भी रूट पर कोई मेगा ब्लॉक नहीं होगा।
- उत्तराखंड: देहरादून में परीक्षा के लिए बनाए गए 16 केंद्रों के 200 मीटर दायरे में BNSS की धारा 163 लागू की गई है। परीक्षा खत्म होने तक पांच या उससे अधिक लोगों के जुटने पर रोक रहेगी।

दिल्ली में शनिवार को सेंटर्स के बाहर अधिकारियों ने मॉक ड्रिल का जायजा लिया।
NTA की छात्रों से अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें
NEET-UG री-एग्जाम से पहले NTA ने छात्रों से शांत रहने और अपनी तैयारी पर भरोसा रखने की अपील की है। एजेंसी ने पेरेंट्स, शिक्षक और आम लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि की जानकारी न फैलाएं। छात्रों को तनावमुक्त रखने में मदद करें। NTA ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि अफवाहों और गड़बड़ियों को रोका जा सके।

घर से निकलने के पहले इन बातों का ध्यान रखें
NTA के मुताबिक अभ्यर्थी पारदर्शी पानी की बोतल साथ ला सकेंगे। डायबिटिक अभ्यर्थियों को शुगर टैबलेट और केला, सेब या संतरा जैसे फल लाने की अनुमति होगी। वहीं, धार्मिक या पारंपरिक पोशाक पहनने वाले तथा फुल स्लीव या ऊनी कपड़े पहनने वाले अभ्यर्थियों को जांच प्रक्रिया के लिए और पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

एक्सपर्ट को भी नहीं पता था, किस परीक्षा के लिए सवाल बना रहे हैं
- NTA ने प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए नया सिस्टम बनाया। इसके तहत सवाल बनाने वाले एक्सपर्ट्स को भी यह जानकारी नहीं दी गई कि उनके तैयार किए गए प्रश्न किस परीक्षा में इस्तेमाल होने हैं।
- इन प्रश्नों को करीब 10 हजार सवालों वाले एक डिजिटल क्वेश्चन बैंक में रखा गया। बाद में तकनीक की मदद से इन्हीं सवालों में से अलग-अलग परीक्षाओं के लिए फाइनल क्वेश्चन पेपर तैयार किए गए।
3 मई को परीक्षा हुई, 9 दिन बाद रद्द
NEET-UG परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 सेंटर्स में हुई थी। इसमें करीब 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। NTA के अनुसार 7 मई की शाम परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना मिली थी। इसके बाद मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया।
12 मई को परीक्षा रद्द की गई और री-एग्जाम का फैसला लिया गया। 15 मई को शिक्षा मंत्रालय और NTA ने NEET री-एग्जाम की तारीख का ऐलान किया। इस मामले की जांच CBI कर रही है। अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

8 साल पहले बनी थी NTA, कई बार विवादों में रही
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) देश की प्रमुख एंट्रेंस और एलिजिबिलिटी टेस्ट कराने वाली केंद्र सरकार की स्वतंत्र संस्था है। मुख्यालय दिल्ली में है। हर साल NEET-UG, JEE Main, CUET-UG/PG, UGC-NET, CSIR-UGC NET, AISSEE, NCET समेत 10 से अधिक नेशनल लेवल के एग्जाम कराती है।
- NEET-UG 2024: पेपर लीक और कुछ छात्रों को अतिरिक्त अंक (ग्रेस मार्क्स) मिलने पर विवाद।
- UGC-NET 2024: परीक्षा के बाद गड़बड़ी की आशंका के चलते परीक्षा रद्द करनी पड़ी।
- CSIR-UGC NET 2024: परीक्षा तय समय पर नहीं हो सकी और उसे टालना पड़ा।
- CUET-UG 2024: कई परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था, तकनीकी समस्याओं और देरी की शिकायतें मिलीं।
- JEE Main 2024: कुछ वर्षों में उत्तर कुंजी और परीक्षा प्रबंधन को लेकर छात्रों ने सवाल उठाए।

NEET पेपर लीक केस सुप्रीम कोर्ट में, अब तक 2 सुनवाई
NEET पेपर लीक केस सुप्रीम कोर्ट में है। अब तक दो सुनवाई हो चुकी हैं। पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच सुनवाई कर रही है। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA), यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) और अन्य याचिकाओं पर पहली सुनवाई 25 मई और दूसरी सुनवाई 29 मई को हुई थी।
25 मई: सुप्रीम कोर्ट बोला- NTA ने सबक नहीं लिया
सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को फटकार लगाते हुए कहा- दुखद है कि NTA ने पहले हुए पेपर लीक मामले से कोई सबक नहीं लिया। यह मामला 2024 में भी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। तब एक कमेटी बनाई गई थी, जिसने कई सिफारिशें दीं, जिन्हें स्वीकार भी किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने सिफारिशों को NTA से जवाब मांगा था। पूरी खबर पढ़ें…
29 मई: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- NTA को UPSC से सीखने की जरूरत
सुप्रीम कोर्ट ने NEET-UG पेपर लीक मामले पर कहा था जवाबदेही तय होने तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं। कोर्ट में मौजूद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से सवाल किया कि UPSC तो आपसे बड़े पैमाने पर परीक्षा करवाता है, वहां कभी पेपर लीक नहीं हुआ। NTA को उनसे सीखने की जरूरत है। सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद NEET पेपरलीक की जांच पर नजर रख रहे हैं ताकि कोई चूक न हो। पूरी खबर पढ़ें…

NEET पेपर लीक के विरोध में देश के कई शहरों में प्रदर्शन हुए। दावा है कि पेपर लीक के बाद से 14 छात्र सुसाइड कर चुके हैं।
————–
ये खबर भी पढ़ें…
NEET री-एग्जाम- नागपुर के छात्र का सेंटर अबू धाबी:भुवनेश्वर की छात्रा का परीक्षा केंद्र 2300km दूर देहरादून; NTA की सफाई- कैंडिडेट ने खुद शहर बदला

देशभर में NEET-UG री-एग्जाम से एक दिन पहले एग्जाम सेंटर के अलॉटमेंट में गड़बड़ी के मामले सामने आए थे। नागपुर के एक छात्र अब्दुल्लाह मोहम्मद तालिब ने अबू धाबी (UAE) स्थित एक भारतीय स्कूल में सेंटर मिलने की शिकायत की। पूरी खबर पढ़ें…


