How to store gehu: कुछ लोग चक्की में पिसे आटे की रोटियां खाना पसंद करते हैं. इसके लिए वे सीधा एक बार में ही 20-25 किलो गेहूं खरीद कर रख लेते हैं. उसे अपने हिसाब से चक्की में जाकर पिसवा लेते हैं. लेकिन, कई बार एक साथ इतने गेहूं स्टोर करना भी नुकसान पहुंचाता है. खासकर, गर्मी और बारिश के मौसम में इनका स्टोरेज सही से ना किया जाए, तो ये नमी, घुन, कीड़ों के कारण जल्दी खराब होने लगते हैं. बारिश का मौसम भी आने वाला है. ऐसे में आपको अनाजों को स्टोर करने में और सावधानी बरतनी पड़ेगी, क्योंकि इस मौसम में नमी अधिक होती है. दरअसल, सही तरीके से स्टोर ना किया जाए तो गेहूं में तुरंत ही घुन लग जाते हैं. ये गेहूं को खाकर खोखला कर देते हैं, जिसके बाद आपको इन्हें फेंकना पड़ जाता है. ऐसे में इसे सही तरीके से स्टोर करना आना चाहिए. आपके पास भी गेहूं है और बार-बार इसमें घुन, कीड़े लग जाते हैं तो आप यहां बताए कुछ घरेलू उपायों को आजमाकर देखिए.
क्यों लगते हैं गेहूं में घुन और कीड़े
गेहूं हो, चावल हो या फिर कोई अन्य अनाज, इसमें घुन, कीड़े लगने के मुख्य कारण नमी, गर्म वातावरण, गलत तरीके से स्टोर करना आदि होते हैं. कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप अनाज को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकते हैं.
गेहूं को सही तरीके से स्टोर कैसे करें?
1. आपके पास 15-20 किलो गेहूं है तो उसे बड़े से ड्रम या मिट्टी के बर्तन में रखें. इसमें आप कुछ नीम की पत्तियां डाल दें. नीम की पत्तियों को पहले एक-दो दिन धूप में सुखा लें और फिर गेहूं के डिब्बे में बीच में दबा कर रखें. नीम की तेज गंध कीड़े और घुन को दूर रखने में मदद करती है.
2. तेजपत्ता भी अनाज को खराब नहीं होने देता है. आप गेहूं, चावल, दालें, फलियों के डिब्बे में दो तीन तेजपत्ता डालकर रखें. आप देखेंगे कि महीनों ये फ्रेश बने हुए हैं. इनमें एक भी घुन नजर नहीं आएगा. तेजपत्ते की खुशबू कीड़ों को दूर रखने में सहायक मानी जाती है.
3. गेहूं या चावल को महीनों ताजा और सुगंधित स्टोर करके रखना है तो आप कंटेनर में सूखी लाल मिर्च 4-5 डाल दें. घुन लगने की संभावना कम हो सकती है.
4. लौंग की प्राकृतिक सुगंध कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है. आप गेहूं के ड्रम या कंटेनर में 7 से 8 लौंग डाल दें. इन्हें अच्छी तरह से अंदर तक मिलाकर डालें ताकि नीचे तक लौंग की महक जाए. इस तरीके से भी आपका अनाज सुरक्षित रह सकता है.
5. काफी लोग ऐसे होते हैं कि एक बार अनाजों को डिब्बे में भरकर रख दिया तो महीनों उसे धूप ही नहीं दिखाते हैं. आप बीच-बीच में गेहूं या चावल को धूप में भी रख दिया करें. इससे नमी हटेगी. अजीब सी स्मेल नहीं आएगी. कीड़े, घुन लगने का खतरा भी कम हो जाता है.
6. हमेशा अनाजों को अच्छी क्वालिटी के एयरटाइट कंटेनर में ही रखें. पानी के आसपास डिब्बे ना रखें. साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बों में रखें. इससे नमी और घुन-कीड़ों से ये सुरक्षित रहेंगे.
7. किसी भी अनाज,मसालों को सूखी और हवादार वाली जगह पर ही रखें. नमी वाले स्थानों पर कीड़े और फफूंदी तेजी से पनप सकते हैं. सीलन लगी दीवारों, फर्श के पास अनाज के डिब्बे न रखें.
8. ऐसा नहीं कि एक बार 20 किलो गेहूं से 5 किलो का आटा पिसवा लेने के बाद उसे चेक ही ना करें. नियमित जांच करते रहना बेहद जरूरी है. हर 10-15 दिन पर एक बार ड्रम, कंटेनर को चेक कर लें. एक भी कीड़ा, नमी या घुन दिखे तो तुरंत धूप में फैलाकर रखें. नियमित निरीक्षण और सही भंडारण ही इन अनाजों को लंबे समय तक सही रखेंगे. घुन और कीड़े से बचाएंगे.
9. क्या आप जानते हैं कि कुछ भारतीय घरों में गेहूं के दानों को स्टोर करने के लिए गेहूं पर बेहद कम मात्रा में अरंडी या सरसों का तेल लगा दिया जाता है? ये तरीका घुन, कीटों के खिलाफ एक प्राकृतिक सुरक्षात्मक कवच के रूप में काम करता है.

