गयाजी के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर स्थित जोड़ा मस्जिद इलाके में 4 दिन पहले हुई दिनदहाड़े गोलीबारी का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो वायरल होते ही मामला फिर से सुर्खियों में है। वायरल फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे जमीन विवाद में दो पक्ष आमन
.
घटना को दिन के उजाले में सरेराह अंजाम दिया गया। इससे इलाके में जबरदस्त दहशत फैल गई थी। लोग उस दिन का मंजर याद कर सिहर जा रहे हैं। बदमाशों का ख़ौफ़ इतना कि कोई भी चश्मदीद न तो आन रिकार्ड और न ही कोई आफ दी रिकार्ड बात करने को राजी है।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
सामने आए 1 मिनट 39 सेकेंड के वीडियो में बाजार में कुछ लोग आते जाते दिख रहे हैं। थोड़ी देर में तीन से चार अपराधी पिस्टल लेकर आते हैं और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगते हैं। इसी बीच, बाजार में मौजूद लोग बचने की कोशिश करते हैं। उन्हें समझ नहीं आता है कि आखिर फायरिंग करने वाले कौन हैं, क्यों फायरिंग कर रहे हैं?
इसी बीच, कुछ लोग फायरिंग करने वाले अपराधियों को ललकारते हैं, उन्हें गोली न चलाने की बात कहते हैं, लेकिन बदमाश फायरिंग जारी रखते हैं। इसी बीच कुछ लोग लाठी डंडा लेकर अपराधियों को खदेड़ने लगते हैं। फायरिंग के दौरान तीन लोग घायल हो जाते हैं। आखिर में लोग एक अपराधी को पकड़ लेते हैं और उसकी जमकर पिटाई करते हैं।
फायरिंग करने वाले अपराधी की लाठी-डंडे से पिटाई करते लोग।
जोड़ा मस्जिद के पास जमीन को लेकर विवाद में हुई थी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, जोड़ा मस्जिद के पास जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामल कोर्ट में भी चल रहा है बावजूद इसके दोनों पक्ष उस जमीन पर कब्जा करने को आमादा हैं। उसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष की ओर से अचानक फायरिंग की गई। गोली चलने के बाद दोनों पक्षों में जमकर झड़प हुई। गोलीबारी के दौरान राहगीरों के जान पर आफत सी आ गई थी। सड़क से गुजर रहे लोगों के बीच भगदड़ मच गई थी। कुछ देर के लिए जान के लाले पड़ गए थे।
स्कूल जा रही बच्चियां दहशत में छिपने के लिए इधर उधर भागने लगी थी, जिसे जहां जगह मिली, वहां छिपकर जान बचाई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान राजू अहमद उर्फ परवेज आलम, शिवम सिंह और संतोष सहनी के रूप में हुई है।
सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH) रेफर किया गया था। डॉक्टरों ने घायल शिवम सिंह और संतोष सहनी के शरीर से गोली निकाली। फिलहाल तीनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है, लेकिन डॉक्टर लगातार निगरानी में रखे हुए हैं।
नामजद आरोपियों की पहचान, सभी फरार
घटना के बाद इलाके में पुलिस कैंप कर रही थी। बुनियादगंज थाना की पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष पवन कुमार का कहना है कि कई नामजद आरोपियों की पहचान कर ली गई है। आरोपी फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एक बार फिर हरकत में आ गई है। वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और पुख्ता होगी। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी और अब सामने आए वीडियो ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

