डूंगरपुर जिले में गौ संरक्षण और संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत 27 अप्रैल को डूंगरपुर और सागवाड़ा में रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों के माध्यम से उपखंड कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर डूंगरपुर में 27 अप्रैल को लक्ष्मण मैदान से रैली निकाली जाएगी। प्रचारक मांगीलाल कुम्हार ने बताया कि सुबह 10 बजे से लोग लक्ष्मण मैदान में एकत्रित होंगे, जिसके बाद रैली रवाना होगी। इसी तरह का कार्यक्रम सागवाड़ा में भी आयोजित होगा। 5 हजार से ज्यादा तहसीलों में चलाया जा रहा आंदोलन
सामाजिक समरसता के वाहक और कथावाचक कमलेश भाई शास्त्री ने इस राष्ट्रव्यापी अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह आंदोलन देश की 5,000 से अधिक तहसीलों में एक साथ चलाया जा रहा है। इसका मुख्य लक्ष्य गाय को ‘राष्ट्र माता’ का संवैधानिक दर्जा दिलाना और देश में गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करना है। महिपाल मैदान से रवाना होगी रैली
इसी क्रम में, 27 अप्रैल को सागवाड़ा के महिपाल मैदान में लोग एकत्रित होंगे। इसके बाद महिपाल खेल मैदान से गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने के लिए रैली निकाली जाएगी। यह रैली मैदान से रवाना होकर सागवाड़ा के विभिन्न मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचेगी, जहां एसडीएम को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। कमलेश भाई शास्त्री ने कहा, “गाय किसी धर्म विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समस्त मानव जाति के पोषण का आधार है। गौ संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होना अनिवार्य है।”
उन्होंने बताया कि यह अभियान शासन-प्रशासन का ध्यान गौ माता की स्थिति की ओर आकर्षित करने का एक बड़ा प्रयास है। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए गौ-सेवक घर-घर जाकर संपर्क कर रहे हैं और विभिन्न सामाजिक संगठनों का भारी समर्थन मिल रहा है।
Source link

