Wednesday, September 30, 2026
Homeफूडखाने के साथ चाहिए कुछ चटपटा? कड़ी पत्ता से बनाएं स्वाद से...

खाने के साथ चाहिए कुछ चटपटा? कड़ी पत्ता से बनाएं स्वाद से भरपूर चटनी


गोंडा: खाने के साथ चटनी मिल जाए तो भोजन का स्वाद और भी बढ़ जाता है. अगर आप भी घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट चटनी बनाना चाहते हैं, तो मीठी नीम यानी कड़ी पत्ता की चटपटी चटनी बना सकते हैं. इसे तैयार करना आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर सामग्री घर में आसानी से मिल जाती है. इसे सूखी और गीली, दोनों तरह से तैयार किया जा सकता है.

चटनी बनाने के लिए सामग्री

लोकल 18 से बातचीत के दौरान दीनदयाल शोध संस्थान कृषि विज्ञान केंद्र, गोपालग्राम की गृह विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. ममता त्रिपाठी ने बताया कि मीठी नीम की चटनी बनाने के लिए करीब 250 ग्राम ताजी कड़ी पत्ता की पत्तियां, 50 ग्राम भुनी मूंगफली, 4 से 5 लहसुन की कलियां, हरी या लाल मिर्च, सफेद तिल 3 से 4 बड़े चम्मच, स्वादानुसार नमक, दो चुटकी काला नमक, एक छोटी चम्मच जीरा, अमचूर पाउडर या नींबू का रस और राई की जरूरत होगी.

इस तरह तैयार करें सूखी चटनी

सबसे पहले मीठी नीम यानी कड़ी पत्ता की ताजी पत्तियों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें. इसके बाद इन्हें अच्छी तरह सुखा लें. एक कढ़ाई में कड़ी पत्ता को हल्का भून लें. इसके बाद भुनी हुई मूंगफली, लहसुन, हरी या लाल मिर्च, सफेद तिल, नमक, काला नमक और भुना हुआ जीरा डालकर हल्का भून लें. इसमें राई का तड़का भी लगाया जा सकता है. अब सभी सामग्री को ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद कड़ी पत्ता और तैयार मसाले को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. इस तरह मीठी नीम की चटपटी सूखी चटनी तैयार हो जाएगी.

गीली चटनी भी बना सकते हैं

डॉ. ममता त्रिपाठी के अनुसार अगर आप गीली चटनी बनाना चाहते हैं, तो कड़ी पत्ता को भूनने की जरूरत नहीं है. पेड़ से ताजी पत्तियां तोड़कर अच्छी तरह धो लें और मिक्सर में पीस लें. इसमें सूखी चटनी में इस्तेमाल होने वाली वही सामग्री डाली जा सकती है. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर इसे पीस लें.

2 से 3 महीने तक कर सकते हैं स्टोर

विशेषज्ञ के मुताबिक सूखी चटनी को सही तरीके से तैयार करके एयरटाइट डिब्बे में रखा जाए तो इसे करीब 2 से 3 महीने तक स्टोर किया जा सकता है. इसे खाते समय इसमें दही, सरसों का तेल या थोड़ा पानी मिलाकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है. मीठी नीम की यह चटनी रोटी, पराठे, दाल और चावल के साथ खाई जा सकती है. इसका स्वाद चटपटा और काफी स्वादिष्ट होता है. घर में मौजूद सामान्य सामग्री से तैयार होने के कारण इसे आसानी से बनाकर भोजन का स्वाद बढ़ाया जा सकता है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments