अलवर के रामगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव में कब्रिस्तान की सरकारी जमीन पर लकड़ी रखने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। विरोध से गुस्साए कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों (तलवारों) से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इस खूनी झड़प में युवक समेत एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत नाजुक है। जिसे अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जानिए क्या है पूरा मामला: जानकारी के मुताबिक, खेड़ी गांव निवासी शरीफ खान ने गांव के ही रतन सिंह और भगत सिंह के परिवार द्वारा कब्रिस्तान की सरकारी भूमि पर लकड़ियों का ढेर लगाने पर आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रतन सिंह, भगत सिंह और सुखविंदर समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडे व तलवारें निकालकर शरीफ खान के घर पर हमला बोल दिया। हमले में ये हुए घायल हमले में शरीफ खान, उसके पिता सलीम, भाई साहिल और बहन रवीना गंभीर रूप से चोटिल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायलों को तुरंत रामगढ़ के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद शरीफ खान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया है।
Source link

