अलवर के रामगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिपरौली गांव के पास ट्रक को बचाने के प्रयास में रामगढ़ थाने के कांस्टेबल कैलाश की कार अनियंत्रित होकर कच्चे में उतर गई और सड़क किनारे खड़े बाइक सवार युवकों को टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल सहित दो लोग गंभीर घायल हो गए। जानकारी के अनुसार हादसा रविवार शाम करीब 4 बजे हुआ। परिजनों ने बताया कि कैफ और अकरम बाइक पर सवार होकर अपने गांव पलखड़ी से रिश्तेदार के घर पिपरौली आ रहे थे। दोनों युवक गांव के पास सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में कैफ (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अकरम और कार चालक कांस्टेबल कैलाश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक कैफ के शव को पोस्टमार्टम के लिए अलवर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। रामगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच कर हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
Source link

